वी की 5जी सेवाएं ग्वालियर में शुरू, डिजिटल कनेक्टिविटी को मिलेगा नया विस्तार
एवीएस न्यूज. ग्वालियर
दूरसंचार सेवा प्रदाता वी (वोडाफोन आइडिया) ने मध्य प्रदेश में अपने 5जी नेटवर्क विस्तार को आगे बढ़ाते हुए ग्वालियर में वी 5जी सेवाओं की शुरुआत कर दी है। इंदौर में सफल लॉन्च के बाद कंपनी ने अब ग्वालियर को अपने 5जी विस्तार अभियान का अहम केंद्र बनाया है।
कंपनी के अनुसार 5जी सेवाओं के विस्तार के लिए औद्योगिक कॉरिडोर, अधिक डेटा खपत वाले क्षेत्र और तेजी से विकसित हो रहे शहरी क्लस्टर्स को प्राथमिकता दी जा रही है। ग्वालियर को सांस्कृतिक एवं व्यावसायिक दृष्टि से महत्वपूर्ण शहर मानते हुए यहां बढ़ती डिजिटल जरूरतों को ध्यान में रखकर यह सेवा शुरू की गई है।
वी का कहना है कि शहर में छात्रों, कारोबारियों और डिजिटल उपभोक्ताओं की बढ़ती संख्या के कारण डेटा उपयोग लगातार बढ़ रहा है।
हाई-स्पीड इंटरनेट और बेहतर नेटवर्क कनेक्टिविटी की मांग को देखते हुए ग्वालियर कंपनी के लिए एक महत्वपूर्ण बाजार बनकर उभरा है। इस अवसर पर कविता नडकर्णी, बिजनेस हेड – मध्य प्रदेश एवं छत्तीसगढ़, वोडाफोन आइडिया ने कहा कि कंपनी राज्य के प्रमुख बाजारों में अपने नेटवर्क को लगातार मजबूत कर रही है।
उन्होंने बताया कि वी विशेष रूप से उन क्षेत्रों पर ध्यान केंद्रित कर रही है जहां डेटा की खपत और नेटवर्क की मांग अधिक है। कंपनी का दावा है कि नई 5जी सेवाओं से ग्वालियर के उपभोक्ताओं को तेज इंटरनेट स्पीड, बेहतर वीडियो स्ट्रीमिंग, लो-लेटेंसी गेमिंग और उन्नत डिजिटल सेवाओं का लाभ मिलेगा।






