चांदी एक दिन में 13000 महंगी, 1.78 लाख रुपए पहुंच ,  सोना 2,700 रुपए बढ़कर 1.28 लाख रुपए पहुंचा 
 

आत्माराम सोनी .भोपाल

 पुष्य नक्षत्र से एक दिन पहले सोमवार को सोने और चांदी की कीमत सबसे ऊंचे स्तर पर पहुंच गए।  स्थानीय भोपाल सराफा बाजार में चांदी की कीमत एक दिन में 13000  रुपए बढ़कर 1,78,325 रुपए प्रति किलो के भाव पर पहुंच गई है।  वहीं 10 ग्राम 24 कैरेट सोने के दाम 2700 रुपए बढ़कर 1,28,000 रुपए हो गए हैं।  बाजार जानकार नवनीत अग्रवाल के अनुसार बाजार में आलम यह कि चांदी की सार्टेज हो गई है।  बड़े थोक व्यापारी चांदी के सौदे कैंसिल कर रहे हैं तो पहले की बुकिंग की सप्लाई भी रोक दी है। फेस्टिव सीजन, इंडस्ट्रियल डिमांड और ग्लोबल स्तर पर सप्लाई कम और मांग बढ़ने की वजह से चांदी की कीमत में लगातार बढ़त देखने को मिल रही है।


सोने-चांदी ने निवेशकों को दिया बंपर रिटर्न
भारतीय शेयर बाजार के प्रमुख सूचकांक निफ्टी 50 और सेंसेक्स ने अभी तक कोई नया रिकॉर्ड नहीं बनाया, लेकिन सोना और चांदी निवेशकों के लिए सबसे बड़े आकर्षण बने हुए हैं। निफ्टी 50 ने 2024 में 65 बार नई ऊंचाई छुई थी,लेकिन 2025 में अब तक यह रिकॉर्ड नहीं बना पाया। पिछले 15 सालों में ऐसा केवल चार बार (2010, 2011, 2012 और 2016) हुआ है। वहीं, सोना इस साल अब तक 65 बार नई ऊंचाई पर पहुंच चुका है, जो इतिहास में दूसरी सबसे बड़ी बार है। इससे पहले 1979 में सोना 57 बार रिकॉर्ड तोड़ चुका था। चांदी भी 50 डालर प्रति औंस के स्तर को पार कर चुकी है, जो अब तक तीसरी बार हुआ है।   


  भारतीयों के घर में 34,600 टन गोल्ड, वैल्यू करीब 3.8 ट्रिलियन डॉलर
भारतीय परिवारों के पास मौजूदा समय में 34,600 टन गोल्ड मौजूद है और इसकी वैल्यू करीब 3.8 ट्रिलियन डॉलर या जीडीपी के 88.8 प्रतिशत के बराबर है। यह जानकारी मॉर्गन स्टेनली की ओर से शुक्रवार को जारी की गई रिपोर्ट में दी गई। बीते एक साल में गोल्ड की कीमतों में 50 प्रतिशत से अधिक की तेजी देखी गई है और यह ऑल-टाइम हाई पर बनी हुई हैं।

रिपोर्ट के मुताबिक गोल्ड की कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में 4,056 डॉलर प्रति औंस पर बनी हुई है और घरेलू बाजार में सोने के दाम 1,27,300 रुपए प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गए हैं। इस साल की शुरुआत से अब तक सोने ने डॉलर में 54.6 प्रतिशत और रुपए में 61.8 प्रतिशत का रिटर्न दिया है।