भोपाल।   मध्य प्रदेश राज्य कृषि विपणन बोर्ड (मंडी बोर्ड) किसानों को और अधिक सुविधा मुहैया कराने के लिए  वित्तीय वर्ष 2025-26 में 20 मंडियों में क्लीनिंग, ग्रेडिंग एवं पैकेजिंग प्लांट्स की स्थापना करने जा रहा है। इन प्लांटों की स्थापना होने से किसान भाईयों द्वारा मंडी प्रांगण में लाई गई कृषि उपज गेंहू, सोयाबीन, धान, चना, मक्का, मूंग आदि  नि:शुल्क क्लीनिंग, ग्रेडिंग करवा सकेंगे। ग्रेडिंग कार्य कराने से किसानो को उनकी उपज का उचित मूल्य मंडी प्रांगण में प्राप्त होगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मंडियों को सर्वसुविधायुक्त एवं हाईटेक बनाने के निर्देशानुसार तथा मंडी बोर्ड के अध्यक्ष कृषि मंत्री  ऐदल सिंह कंषाना के मार्गदर्शन में मध्य प्रदेश शासन तथा भारत सरकार की मंशा अनुरूप किसानों की आय दो गुना करने के उद्देश्य से उठाया गया यह एक प्रयास है।

मध्यप्रदेश राज्य कृषि विपणन बोर्ड के प्रबंध संचालक कुमार पुरुषोत्तम ने बताया कि प्रदेश की 20 मंडियों में 5 टीपीएच  (टन प्रति घंटा) तथा 10 टीपीएच  (टन प्रति घंटा) की क्लीनिंग,  ग्रेडिंग एवं पैकेजिंग यूनिट्स इसी वित्तीय वर्ष में स्थापित की जा रही है। इसके लिए टेंडर जारी कर दिए गए हैं।        

               
 - इन मंडियों में लगेगे प्लांट्स
प्रबंध संचालक  पुरुषोत्तम ने बताया कि प्रदेश की उज्जैन, देवास, जबलपुरख, गुना, बदनावर, पिपरिया, नीमच, सतना, सिवनी, खंडवा, बुरहानपुर, अशोकनगर, गंजबासौदा, इटारसी, हरदा,जावरा, आष्टा,बैरसिया, सीहोर एवं आगर मंडी के प्रांगणों में क्लीनिंग, ग्रेडिंग एवं पैकेजिंग प्लांट्स स्थापित किये जा रहे है।      

                                                 
 - उपज की क्लीनिंग, ग्रेडिंग कराने की सुविधा नि:शुल्क मिलेगी  
 मप्र राज्य कृषि विपणन बोर्ड, सहायक संचालक योगेश नागले ने बताया कि  इस संबंध में टेंडर जारी कर दिए गए हैं। इन प्लांट्स के स्थापित होने से प्रदेश के समस्त किसानों को नि:शुल्क अपनी उपज की क्लीनिंग, ग्रेडिंग कराने की सुविधा मंडी प्रांगणों में सुलभता से उपलब्ध होगी।