एआई फीचर्स 82% स्मार्टफोन खरीदारों के लिए बनी बुनियादी उम्मीद, Amazon.in के सर्वे में खुलासा
एवीएस न्यूज. बेंगलुरु
स्मार्टफोन खरीदने वाले भारतीय ग्राहकों के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) अब महज एक अतिरिक्त फीचर नहीं, बल्कि बुनियादी उम्मीद बन चुका है। Amazon.in के ‘बेस्ट इन टेक सर्वे’ के मुताबिक, 82% स्मार्टफोन खरीदारों के खरीद निर्णय पर एआई फीचर्स का प्रभाव पड़ रहा है। हालांकि, एआई के साथ-साथ परफॉर्मेंस, बैटरी लाइफ और कैमरा क्वालिटी अभी भी फोन खरीदने के सबसे बड़े आधार बने हुए हैं।
Amazon.in ने जुलाई 2026 में यह सर्वे कराया था, जिसमें प्रमुख कंज्यूमर इलेक्ट्रॉनिक्स श्रेणियों में 40,000 से अधिक प्रतिक्रियाएं मिलीं। सर्वे के निष्कर्ष सितंबर 2026 में आयोजित होने वाले ‘बेस्ट इन टेक अवार्ड्स’ के दूसरे संस्करण के लिए श्रेणियों और मानकों का आधार तैयार करेंगे।
दिखावे वाला नहीं, काम आने वाला एआई पसंद
सर्वे में सामने आया कि ग्राहक ऐसे एआई फीचर्स को प्राथमिकता दे रहे हैं, जो रोजमर्रा के काम में वास्तविक मदद करें। कॉन्टेक्स्चुअल असिस्टेंस 25% के साथ सबसे पसंदीदा एआई क्षमता रही। इसके तहत एआई उपयोगकर्ता के संदर्भ को समझकर उसी समय उपयोगी कार्रवाई या सुझाव दे सकता है।
इसके बाद जनरेटिव फोटो एडिटिंग (18%) और विजुअल सर्च (17%) का स्थान रहा। वहीं, एडेप्टिव बैटरी मैनेजमेंट (11%) भी प्रमुख एआई फीचर्स में शामिल रहा। इससे संकेत मिलता है कि ग्राहक स्मार्टफोन में एआई के साथ बेहतर बैटरी अनुभव को भी काफी महत्व दे रहे हैं।
परफॉर्मेंस, बैटरी और कैमरा अब भी सबसे अहम
एआई की बढ़ती लोकप्रियता के बावजूद स्मार्टफोन खरीदने के पारंपरिक मानक मजबूत बने हुए हैं। सर्वे के अनुसार परफॉर्मेंस और स्पीड (87%) सबसे प्रभावशाली खरीद कारक रहे। इसके बाद बैटरी लाइफ (79%) और कैमरा क्वालिटी (77%) का स्थान रहा।
बैटरी लाइफ ग्राहकों के लिए सबसे पसंदीदा खूबियों में से एक होने के साथ-साथ मौजूदा फोन की सबसे बड़ी कमी भी बनी हुई है। 22% खरीदारों ने अपने वर्तमान फोन में बैटरी को सुधारने की जरूरत बताई। इसके बाद कैमरा (17%) और परफॉर्मेंस (12%) का स्थान रहा।
50 हजार से ज्यादा कीमत वाले फोन में बढ़ी दिलचस्पी
सर्वे में प्रीमियम स्मार्टफोन सेगमेंट के प्रति बढ़ती रुचि भी सामने आई। करीब तीन में से एक खरीदार अपने अगले स्मार्टफोन के लिए ₹50,000 या उससे अधिक खर्च करने पर विचार कर रहा है।
₹50,000-₹75,000: 15%
₹75,000 से अधिक: 17%
₹25,000-₹50,000: 42%
₹15,000-₹25,000: 19%
₹15,000 से कम: 7%
₹25,000 से ₹50,000 का सेगमेंट सबसे बड़ा बना हुआ है। इसमें ₹25,000-₹35,000 और ₹35,000-₹50,000 दोनों श्रेणियों की हिस्सेदारी 21-21% रही।
रिव्यू और रेटिंग्स पर भरोसा, सिर्फ ऑफर पर नहीं
भारतीय ग्राहक स्मार्टफोन खरीदने से पहले रिसर्च को भी महत्व दे रहे हैं। सर्वे में 47% खरीदारों ने रिव्यू और रेटिंग्स को महत्वपूर्ण खरीद कारक बताया, जबकि कीमत और डील्स को 35% ने अहम माना।
फोन बदलने के मामले में भी ग्राहक जल्दबाजी नहीं कर रहे हैं। 54% लोग अपने मौजूदा स्मार्टफोन को दो साल या उससे अधिक समय तक इस्तेमाल करते हैं, जबकि 48% ने अगले तीन महीनों में अपग्रेड करने की योजना बताई।
प्रीमियम फोन की मांग छोटे शहरों में भी
₹75,000 से अधिक कीमत वाले स्मार्टफोन में रुचि केवल महानगरों तक सीमित नहीं है। ऐसे फोन पर विचार करने वाले खरीदारों में मेट्रो शहरों की हिस्सेदारी 18%, टियर-2 शहरों की 17% और टियर-3 शहरों की 15% रही।


