बीएसएनएल ने ग्रामीण ब्रॉडबैंड के लिए लांच किया 259 का ‘रूरल एंट्री प्लान’
भारतनेट उपभोक्ताओं को मिलेगा सस्ता हाई-स्पीड इंटरनेट
एवीएस न्यूज.भोपाल
ग्रामीण भारत में डिजिटल कनेक्टिविटी को मजबूत करने के उद्देश्य से भारत संचार निगम लिमिटेड ने भारतनेट उद्यमी ग्राहकों के लिए विशेष “रूरल एंट्री प्लान” लॉन्च किया है। इस योजना का उद्देश्य ग्रामीण परिवारों, विद्यार्थियों, उद्यमियों और संस्थानों को किफायती दरों पर हाई-स्पीड इंटरनेट उपलब्ध कराना है।
कंपनी के अनुसार इस योजना के तहत ग्राहकों को 259 रुपए प्रति माह (जीएसटी अतिरिक्त) में 25 एमबीपीएस की स्पीड के साथ 700 जीबी तक डेटा मिलेगा। निर्धारित डेटा सीमा पूरी होने के बाद इंटरनेट स्पीड 2 एमबीपीएस रहेगी, जिससे उपयोगकर्ताओं को निरंतर कनेक्टिविटी मिलती रहेगी।
लंबी अवधि के विकल्प भी उपलब्ध
इस प्लान के तहत उपभोक्ताओं के लिए दीर्घकालिक विकल्प भी दिए गए हैं, जिनमें 6 माह का प्लान 1,449 रुपए, 12 माह का प्लान 2,849रुपए है। इसके अलावा, इस योजना में देशभर में किसी भी नेटवर्क पर असीमित लोकल और एसटीडी वॉयस कॉलिंग की सुविधा भी शामिल है। साथ ही, ग्राहकों को 30 रुपए के नाममात्र शुल्क पर वेव्स ओटीटी प्रीमियम पैक का लाभ भी दिया जाएगा।
90 दिनों के लिए प्रमोशनल ऑफर
यह विशेष प्रमोशनल ऑफर 22 जून 2026 से 90 दिनों तक उपलब्ध रहेगा। ग्राहक अपने नजदीकी बीएसएनएल कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं या भारतनेट पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन बुकिंग कर सकते हैं।
डिजिटल भारत की दिशा में कदम
यह योजना भारतनेट पहल के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में डिजिटल समावेशन को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। इससे शिक्षा, ई-गवर्नेंस, टेलीमेडिसिन, डिजिटल उद्यमिता और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलने की उम्मीद है।
विशेषज्ञों के अनुसार, इस तरह के किफायती ब्रॉडबैंड प्लान ग्रामीण भारत में इंटरनेट उपयोग को बढ़ाने के साथ-साथ डिजिटल अंतर को कम करने में भी अहम भूमिका निभा सकते हैं।






