एवीएस न्यूज.मुंबई


 प्लास्टिक शीट्स, फिल्म्स एवं संबद्ध पॉलिमर उत्पादों के अग्रणी निर्माता क्षितिज पॉलीलाइन लिमिटेड (NSE: KSHTIJPOL) ने वित्त वर्ष 2025-26 में मजबूत वित्तीय प्रदर्शन, रणनीतिक विस्तार योजनाओं तथा महत्वपूर्ण अधिग्रहणों की दिशा में उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की है।

कंपनी ने वित्त वर्ष 2025-26 में सभी प्रमुख वित्तीय मानकों पर प्रभावशाली वृद्धि हासिल की। ऑपरेशन से प्राप्त राजस्व 46.3 प्रतिशत बढ़कर 44.75 करोड़ रुपये पहुंच गया, जो पिछले वित्त वर्ष में 30.58 करोड़ रुपये था। वहीं कुल आय 32.38 करोड़ रुपये से बढ़कर 46.92 करोड़ रुपये हो गई। 
कंपनी का कर पूर्व लाभ (PBT) 3.97 करोड़ रुपये रहा, जबकि पिछले वित्त वर्ष में 9.47 करोड़ रुपये का घाटा दर्ज किया गया था। इसी प्रकार कर पश्चात लाभ (PAT) 3.55 करोड़ रुपये रहा, जबकि वित्त वर्ष 2024-25 में कंपनी को 9.30 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ था।

कंपनी प्रबंधन के अनुसार यह सुधार ऑपरेशन दक्षता में वृद्धि, उत्पादन क्षमता के बेहतर उपयोग, बाजार में मजबूत उपस्थिति तथा वित्तीय अनुशासन का परिणाम है। कंपनी ने बताया कि ओमकार स्पेशियलिटी केमिकल्स लिमिटेड के अधिग्रहण से संबंधित सभी भुगतान दायित्वों का सफलतापूर्वक निर्वहन कर लिया गया है। यह प्रक्रिया राष्ट्रीय कंपनी विधि न्यायाधिकरण (NCLT), मुंबई पीठ द्वारा स्वीकृत समाधान योजना के अनुरूप पूरी की गई है। 


वर्तमान में अंतिम एनसीएलटी आदेश एवं आवश्यक कानूनी औपचारिकताओं की प्रतीक्षा है। कंपनी का मानना है कि यह अधिग्रहण स्पेशियलिटी केमिकल्स क्षेत्र में उसकी उपस्थिति को मजबूत करेगा तथा राजस्व विविधीकरण, बेहतर मार्जिन और दीर्घकालिक मूल्य सृजन के नए अवसर प्रदान करेगा। वित्त वर्ष 2025-26 के दौरान कंपनी ने अपने विनिर्माण ढांचे को और सुदृढ़ करने के लिए संयंत्र एवं मशीनरी में निवेश बढ़ाया तथा उत्पादन क्षमता का विस्तार किया।

विस्तारित विनिर्माण सुविधाओं में ऑपरेशन शुरू हो चुका है, जिससे बढ़ती ग्राहक मांग को पूरा करने और भविष्य की विकास योजनाओं को गति देने में मदद मिलेगी। सतत विकास (Sustainability) को केंद्र में रखते हुए कंपनी ने प्लास्टिक रीसाइक्लिंग क्षेत्र में भी विस्तार की दिशा में कदम बढ़ाए हैं। इसके तहत उन्नत रीसाइक्लिंग मशीनरी एवं प्रोसेसिंग इंफ्रास्ट्रक्चर स्थापित करने की योजना पर कार्य जारी है। इस पहल का उद्देश्य रीसाइक्लिंग क्षमता बढ़ाना, सर्कुलर इकोनॉमी को प्रोत्साहित करना, पर्यावरणीय मानकों को मजबूत करना तथा नए राजस्व स्रोत विकसित करना है। 


कंपनी का मानना है कि रीसाइक्लिंग एवं पर्यावरणीय अनुपालन को लेकर बढ़ती नियामकीय सख्ती के कारण इस क्षेत्र में संगठित कंपनियों के लिए भविष्य में व्यापक अवसर उपलब्ध होंगे। क्षितिज पॉलीलाइन ने दिवाला एवं शोधन अक्षमता प्रक्रिया (IBC) के तहत एनएसई एवं बीएसई में सूचीबद्ध बीआईएल व्यापार लिमिटेड के लिए भी एक समाधान योजना प्रस्तुत की है। कंपनी लगातार ऐसे रणनीतिक अवसरों का मूल्यांकन कर रही है जो विकास की गति बढ़ाने, व्यवसाय के विस्तार और शेयरधारकों के लिए दीर्घकालिक मूल्य सृजन में सहायक हों।
वर्तमान में कंपनी प्लास्टिक शीट एवं फिल्म निर्माण, पॉलिमर प्रोसेसिंग, स्पेशियलिटी केमिकल्स, प्लास्टिक रीसाइक्लिंग, रणनीतिक अधिग्रहण और अन्य मूल्यवर्धक कॉर्पोरेट अवसरों को शामिल करते हुए एक विविधीकृत व्यावसायिक प्लेटफॉर्म विकसित कर रही है। कंपनी का विश्वास है कि यह बहुआयामी विकास रणनीति सतत विस्तार को समर्थन देने के साथ किसी एक व्यवसाय पर निर्भरता भी कम करेगी।


वर्ष 2008 में स्थापित क्षितिज पॉलीलाइन लिमिटेड भारत की अग्रणी विनिर्माण, आपूर्ति एवं निर्यातक कंपनियों में से एक है। कंपनी पॉलीप्रोपाइलीन शीट्स, ऑफिस फाइल एवं फोल्डर्स, लैमिनेशन उत्पाद, बाइंडिंग शीट्स, नेक लैनयार्ड्स, कार्ड होल्डर्स सहित विभिन्न उत्पादों का निर्माण करती है। गुणवत्तापूर्ण उत्पादों और निरंतर नवाचार के बल पर कंपनी ने देश और विदेश के ग्राहकों के बीच मजबूत पहचान बनाई है तथा भारत के प्रमुख निर्माताओं में अपना स्थान स्थापित किया है।