बैंकों के माध्यम से वित्तीय समावेशन संतृप्ति शिविर आयोजित
भोपाल। सभी बैंकों के माध्यम से ग्राम पंचायत स्तर पर वित्तीय समावेशन संतृप्ति शिविर देशभर में 1 जुलाई से 30 सितंबर तक आयोजित होगा। इन शिविरों में नए जनधन खाते खोलने व सामाजिक सुरक्षा बीमा योजनाओं में पंजीकरण के साथ साथ मौजूदा खाताधारक अपने खातों में री-केवॉयसी तथा निष्क्रिय खातों को री-केवॉयसी के माध्यम से सक्रिय कर सभी बैंकिंग योजनाओं का लाभ ले सकते हैं। इसी कड़ी में 30 अगस्त को ग्राम पंचायत रंगवासा, जिला इंदौर में वित्तीय समावेशन का एक विशाल संतृप्ति शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में मुख्य अतिथि भारतीय रिजर्व बैंक के गवर्नर संजय मल्होत्रा, भारतीय स्टेट बैंक के चेयरमैन सीएस सेट्टी, सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया और बैंक ऑफ इंडिया के कार्यकारी निदेशक, भारतीय रिजर्व बैंक भोपाल की क्षेत्रीय निदेशक रेखा चंदनावेली, भारतीय स्टेट बैंक भोपाल मंडल के मुख्य महाप्रबंधक चंद्रशेखर शर्मा, जिलाधीश आशीष सिंह एवं सरपंच रंगवासा शामिल हुए। लगातार हो रही बारिश के बावजूद शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीण क्षेत्र के जन धन खाताधारकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। भारतीय रिजर्व बैंक के गवर्नर, भारतीय स्टेट बैंक के अध्यक्ष एवं अन्य वक्ताओं ने सभी ग्राहकों से जन धन खातों में 10 वर्ष पूरे होने पर री-केवॉयसी करने के बारे में प्रकाश डाला एवं सभी से अपने खातों में री-केवॉयसी करवाने की अपील की । ग्राहकों को बताया गया कि बैंक मित्र अब इस मुहिम में अपना सहयोग दे रहे हैं और सभी ग्राहक उनके माध्यम से अपने खातों में केवायसी अपडेट करवा सकते हैं । बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने कैम्प में उपस्थित बैंक मित्रों के माध्यम से अपने खातों में केवाय को अपडेट करवाया, निष्क्रिय खाते सक्रिय किए तथा प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना व प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना में अपना पंजीकरण कराया।

