उमरिया में जनसुनवाई: कलेक्टर ने 135 आवेदकों की समस्याएं सुनीं, त्वरित निराकरण के दिए निर्देश
एवीएस न्यूज. उमरिया/ भोपाल
आयोजित जनसुनवाई के दौरान कलेक्टर राखी सहाय एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत अभय सिंह ने दूर-दराज क्षेत्रों से पहुंचे कुल 135 आवेदकों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं। उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को सभी मामलों के त्वरित और प्रभावी निराकरण के निर्देश दिए।
प्रशासनिक मुद्दों से जुड़े आवेदन प्रमुख रूप से सामने
जनसुनवाई में आधार कार्ड, भूमि सीमांकन, मजदूरी भुगतान, पेयजल समस्या, आर्थिक सहायता, गल्ला पर्ची और अन्य प्रशासनिक मुद्दों से जुड़े आवेदन प्रमुख रूप से सामने आए।
कार्यक्रम के दौरान सविता सिंह (सलैया-13, पोस्ट कौडिया) और बेला बाई बैगा (कुदरी, नौरोजाबाद) के आधार कार्ड पंजीयन से जुड़े मामलों का निराकरण किया गया। वहीं शिवानी कोल (ग्राम महुरा) का निष्क्रिय आधार नंबर बायोमैट्रिक अपडेट के बाद पुनः सक्रिय कर दिया गया।
रास्ता खुलवाने की मांग की
अन्य मामलों में ग्राम दमोय के राजा पटेल ने रास्ता खुलवाने की मांग की, जबकि गणेश सिंह मुंडा ने सीमांकन के लिए टीम गठित करने का आवेदन दिया। ग्राम उरदानी के चंद्रभान सिंह ने मजदूरी भुगतान की मांग रखी। इसी प्रकार ग्राम करकेली की माया यादव ने इंडोर स्टेडियम निर्माण कार्य में मजदूरी भुगतान का मुद्दा उठाया।
सीमांकन हेतु नजरी नक्शा तैयार कराने की मांग
पुराना पड़ाव के पन्नालाल सोनी ने गल्ला पर्ची बनवाने, कछरवार के ओमप्रकाश विश्वकर्मा ने सीमांकन हेतु नजरी नक्शा तैयार कराने की मांग की। ग्राम डगडौवा की शांति बाई राठौर ने रास्ता खुलवाने और हैंडपंप लगाने की मांग रखी।
कैंसर उपचार के लिए आर्थिक सहायता की गुहार लगाई
कैंप निवासी अमित रजक ने कैंसर उपचार के लिए आर्थिक सहायता की गुहार लगाई, जबकि फजिलगंज की केशकली सिंह ने घर के पास स्थित पीपल के पेड़ को हटाने का आवेदन दिया। विकटगंज क्षेत्र की कई महिलाओं ने पेयजल समस्या के समाधान की मांग उठाई। इसके अलावा खेरवाखुर्द की द्रोपती बैगा ने विवाह सहायता राशि तथा घुनघुटी की द्रोपती सिंह ने पुत्री की मृत्यु के बाद संबल योजना का लाभ दिलाने का आवेदन प्रस्तुत किया।
यह अधिकारी रहे मौजूद
इस अवसर पर अपर कलेक्टर पीके सेनगुप्ता, संयुक्त कलेक्टर अमित सिंह, एसडीएम बांधवगढ़ अंबिकेश प्रताप सिंह, डिप्टी कलेक्टर कमलेश नीरज सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने कहा कि सभी आवेदनों पर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।






