ग्रामीण इलाकों में दहशत, आग की चपेट में आईं कई मशीनें
10 किमी दूर से दिखा धुआं, 20 फीट तक ऊंची उठीं आग की लपटें
पांच घंटे तक आग पर काबू पाने चलती रही मशक्कत, देर रात तक उठता रहा धुआं, 40 से ज्यादा दमकलें आग पर काबू पानी में जुटी रहीं
7 लाख टन कचरा खंती में जमा है, शहर से रोज पहुंचता है 750 टन कचरा


एवीएस न्यूज, भोपाल।
रायसेन रोड स्थित आदमपुर खंती में शनिवार सुबह करीब 9 बजे कचरे में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने बडे क्षेत्र को अपने चपेट में ले दिया और धुएं का गुबार आसमान पर छा गया। इससे आसपास के ग्रामीण इलाकों में दहशत फैल गई। आग की चपेट में आने से कई मशीनें भी जल गईं। हालांकि किसी तरह के नुकसान की खबर नहीं है। आग से उठा धुआं 10 किमी दूर से दिखाई दिया और 20 फीट तक ऊंची आग की पलटें उठीं। अचानक कचरे के ढेर से धुआं उठता देख खंती में मौजूद कर्मचारी दौडे और आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तेजी फैलाव हो देखते हुए शहर से दमकलें बुलाई गईं। आग की चपेट में आने से कई पोकलेन व अन्य मशीनें जल गईं। आग पर काबू पाने में पांच घंटे लगे, जबकि देर रात तक धुआं निकलता रहा। 40 से ज्यादा दमकलें आग पर काबू पाने में लगीं। 
ग्रामीणों के अनुसार आग शनिवार सुबह करीब 9 बजे कचरे के ढेर से भड़की। देखते ही देखते आग की लपटें करीब 20 फीट तक ऊंची उठने लगीं और आसमान में सफेद व काला घना धुआं छा गया। जो करीब 10 किलोमीटर दूर से भी दिखाई दे रहा था। अचानक उठे धुएं को देखकर आसपास के ग्रामीण इलाकों में दहशत का माहौल बन गया। खंती में मौजूद कर्मचारियों ने जैसे ही धुआं निकलते देखा, तुरंत दमकल कर्मियों को सूचना दी गई। मौके पर मौजूद दमकलें आग बुझाने में जुट गईं। स्थिति को देखते हुए शहर से भी दमकलें मौके पर भेजी गईं। आग पर काबू पाने फायर फाइटरों को खासी मशक्कत करनी पड़ी। 
आग इतनी तेजी से भड़की कि कुछ ही देर में आसमान पर धुएं का घना गुबार छा गया। रायसेन रोड से गुजरने वाले लोगों ने भी धुएं को देखा और कई लोग दहशत में आ गए। आसपास के गांवों में रहने वाले लोगों में हडकंप मच गया। इस दौरान खंती में मौजूद कर्मचारियों ने आसपास जमा कचरे को हटाकर आग के फैलाव को रोकने की कोशिश की। 


7 लाख टन कचरे का है पहाड 
आदमपुर कचरा खंती में करीब 7 लाख टन कचरे का पहाड़ जमा है। गर्मी और कचरे के भीतर बनने वाली गैस के कारण यहां समय-समय पर आग लगने की घटनाएं सामने आती रहती हैं। बीते 46 दिन में आग लगने की यह दूसरी बडी घटना है। 


निगम का तर्क- मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, नुकसान नहीं
नगर निगम के फायर अधिकारी सौरभ पटेल ने बताया कि आग लगने की सूचना मिलने पर मौके पर दमकलें भेजी गईं। खंती परिसर में मौजूद चार दमकलों से आग पर काबू पाने का प्रयास किया। काफी देर मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग से किसी तरह की जनहानि नहीं हुई। परिसर में मशीनों को नुकसान नहीं पहुंचा है। 


लेगेसी वेस्ट को खत्म करने के लिए लगीं हैं मशीनें
आदमपुर छावनी में जमा 7 लाख मैट्रिक टन लेगेसी वेस्ट को खत्म करने पर काम बीते दिनों ही शुरू हुआ है। लगभग 55 करोड़ रूपए में कंपनी को लगभग 33 एकड़ एरिया खाली कर के देना होगा। इसके लिए कंपनी ने अपनी पहली मशीन स्थापित कर दी है। आग लगने के समय परिसर में कई पुरानी पोकलेन मशीनें खडी थीं तो कहीं काम चल रहा था। इनमें से कुछ मशीनें आग की चपेट में आई हैं। हालांकि निगम प्रशासन ने किसी भी मशीन के जलने से इंकार किया है। 


आंखों में जलन और श्वांस लेने में दिक्कत की शिकायतें
सुबह 9 बजे से लगी आग से पांच घंटे से ज्यादा समय तक धुआं निकलता रहा। इसके चलते आसपास के ग्रामीण इलाकों में लोगों को श्वांस लेने में दिक्कत और आंखों में जलन की​ शिकायतें सामने आईं। आदमपुर, हरिपुरा, शांति नगर, पड़रिया और कोलुआ सहित कई गांवों में ग्रामीणों में दहशत रही। 


आदमपुर खंती में कब-कब लगी आग
 22 मार्च 2023: कचरे के पहाड़ में भीषण आग लगी, कई गांवों में धुआं फैल गया
अप्रैल- 2023: आग भड़की, कई घंटे की मशक्कत के बाद काबू पाया गया
जून-2023: तेज गर्मी के दौरान कचरे में आग सुलगती रही, दमकलों ने बुझाया
जनवरी से दिंसबर-2024: खंती में कई बार आग लगने की घटनाएं सामने आईं
 अप्रैल 2025: कचरे में लगी आग तीन दिन तक सुलगती रही, जहरीला धुआं फैला
16 मार्च 2026: दोपहर कचरे में आग लगी, तीन घंटे में काबू पाया
2 मई 2026: सुबह 9 बजे लगी आग, पांच घंटे में काबू पाया