एग्रो इनपुट डीलर्स का प्रतिनिधिमंडल की गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात
एवीएस न्यूज.भोपाल
ऑल इंडिया एग्रो इनपुट डीलर्स एसोसिएशन के एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने राष्ट्रीय अध्यक्ष मनमोहन कलंत्री के नेतृत्व में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान कृषि, सहकारिता और ग्रामीण अर्थव्यवस्था से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई।
प्रतिनिधिमंडल में महासचिव प्रवीण भाई पटेल, सुभाष शाह, अरविंद पटेल और रमेश पटेल सहित अन्य पदाधिकारी शामिल रहे। बैठक के दौरान संगठन के सदस्यों ने मंत्री का शॉल ओढ़ाकर और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान किया। इस अवसर पर पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी की हालिया उपलब्धि पर भी उन्हें बधाई दी गई।
बैठक में मुख्य रूप से किसानों के कल्याण, समय पर गुणवत्तापूर्ण कृषि इनपुट की उपलब्धता और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में एग्रो इनपुट डीलर्स की भूमिका पर विचार-विमर्श किया गया। प्रतिनिधिमंडल ने सहकारिता क्षेत्र को और अधिक सशक्त बनाने तथा किसानों तक योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के सुझाव भी साझा किए। संगठन के अनुसार कृषि इनपुट सेक्टर में आने वाली चुनौतियों और उनके समाधान पर भी सकारात्मक चर्चा हुई। प्रतिनिधियों ने कहा कि यदि डीलर नेटवर्क को और अधिक मजबूत किया जाए तो किसानों तक उन्नत बीज, खाद और कृषि तकनीक समय पर पहुंचाई जा सकती है, जिससे कृषि उत्पादकता में वृद्धि संभव है।
किसान हित और सहकारिता को मिलेगी नई दिशा
प्रतिनिधिमंडल ने विश्वास जताया कि सहकारिता मंत्रालय की पहल से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई मजबूती मिलेगी और किसानों की आय बढ़ाने के लक्ष्य को गति मिलेगी। संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष मनमोहन कलंत्री ने कहा कि मंत्री का मार्गदर्शन हमेशा प्रेरणादायक रहा है और उनके नेतृत्व में कृषि एवं सहकारिता क्षेत्र में सकारात्मक बदलाव की उम्मीद है।
राष्ट्रीय प्रवक्ता संजय रघुवंशी ने बताया कि बैठक अत्यंत सकारात्मक और रचनात्मक माहौल में संपन्न हुई। उन्होंने कहा कि मंत्री ने संगठन के सुझावों को गंभीरता से सुना और कृषि क्षेत्र के विकास के लिए निरंतर प्रयासों को प्रोत्साहित किया।






