रसोई से लेकर होटल-रेस्टोरेंट और मैरिज गार्डन तक गैस का संकट : लोग बोले- तेल-गैस कंपनियां खुद कर रहीं आम जनता में पैनिक और आपालकालीन स्थित कर रही उत्पन्न
आत्माराम सोनी.भोपाल
अमेरिका-इजराइल और ईरान के बीच जंग का असर अब रसोई के साथ होटल-रेस्टोरेंट और मैरिज गार्डन तक पहुंचने लगा है। राजधानी भोपाल सहित मध्यप्रदेश में एलपीजी के साथ ईंधन का संकट देखने को मिल रहा है। गैस सिलेंडर के लिए लंबी कतारें लगनी शुरू हो गई है तो पेट्रोल पंपों वाहनों की भरमार हो गई है।
इस पूरे मामले को लेकर पेट्रोप पंप, गैस एजेंसी संचालन, होटल रेस्टोरेंट , मैरिज गॉर्डन से जुड़े लोगों का कहना है कि पेट्रोलियम कंपनियां खुद आम जनता में घबराहट उत्पन्न कर रही है। गैस कंपनी आईओसी, एचपीसीएल और बीपीसीएल द्वारा कमर्शियल सिलेंडर की सप्लाई पूर्णत: रोकना न्यायोचित नहीं हैं।
कंपनियों ने बिना कोई वैकल्पिक व्यवस्था ढूंढने के बजाय कॅमर्शियल सिलेंडर की आपूर्ति बाधित कर छोटे-बड़े होटल-रेस्टोरेंट और मैरिज गार्डन व्यवसायियों में खलबली मचा दी है। कंपनियों के इस कदम से आम घरेलू उपभोक्ताओं में भी घबराहट का महौल उत्पन्न हो गया है। आम नागरिकों को इस बात की चिंता है कि कंपनियों ने अभी कमर्शियल सिलेंडर की आपूर्ति बाधित की है, आने वाले दिनों में कही रसोई सिलेंडर पर बट्टा न लगा दें।

कंपनियों और प्रशासन का नहीं मिल रहा साथ : अजय सिंह
मध्यप्रदेश पेट्रोप पंप ऑनर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष अजय सिंह ने कहाकि एक ओर जहां डीलर यह संदेश दे रहा है कि स्टॉक पर्याप्त है अत: आम जनता को पैनिक होने की जरूरत नहीं हैं तो वहीं दूसरी ओर सरकारी उपक्रम कही जाने वाली कंपनियों आमजनता को खुद पैनिक कर रही है। डीलर्स मौजूद स्थिति को सामान्य बनाने की पुरजोर कोशिश में है मगर कंपनियां और प्रशासन का साथ नहीं मिल रहा है।

स्टॉक सीमित करने के बजाय आपूर्ति बंद करना उचित नहीं : आरके गुप्ता
एलपीजी डीलर एसोसिएशन के अध्यक्ष आरके गुप्ता ने कहा कि गैस के दाम में वृद्धि करने के बाद तीनों गैस कंपनियों द्वारा कमर्शियल गैस सिलेंडर की सप्लाई पिछले दो दिनों से बंद कर दी गई है, ऐसा कहा जा रहा है कि कंपनियां सिर्फ अस्पताल और शैक्षणिक संस्थानों को सिलेंडर की सप्लाई देंगे। कंपनियों द्वारा बिना कोई प्लान और उपाय के यह कदम उठाकर व्यावसाय जगत के साथ आम जनता में खलबली मचा दी गई है। गुप्ता ने कहा कि कमर्शियल सिलेंडर की आपूर्ति पूर्ण रूप से बंद करने के बजाय आपूर्ति स्टॉक सीमित करना था लेकिन सरकारी कंपनियों खुद लोगों में घबराहट का माहौल उत्पन्न करने में जुटी है।

होटल और रेस्टोरेंट कारोबारियों के सामने संकट हो गया खड़ा : तेजकुलपाल सिंह पाली
भोपाल होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन के अध्यक्ष तेजकुलपाल सिंह पाली ने कहाकि भोपाल सहित कई शहरों में कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की सप्लाई रुक गई है, जिससे होटल, रेस्टोरेंट और शादियों का कैटरिंग काम ठप्प पड़ गया है भोपाल में 2,500 से अधिक होटल-रेस्टोरेंट पर इसका गहरा असर पड़ा है और शादी के सीजन में मुश्किलें बढ़ गई हैं। कंपनियों ने कमर्शियल सिलेंडर की आपूर्ति बाधित कर होटल और रेस्टोरेंट कारोबारियों के सामने संकट खड़ा कर दिया है। उन्होंने कहाकि केंद्र सरकार और मध्यप्रदेश सरकार से गैस कंपनियों द्वारा उठाए गए इस कदम पर हस्तक्षेप की मांग की है। पाली ने कहाकि गैस डिस्ट्रीब्यूटर्स को एक कथित सरकारी आदेश का हवाला देकर कमर्शियल सिलेंडर की सप्लाई रोकना गलत हैं, जिससे मैरिज गार्डन और फूड इंडस्ट्री से जुड़े करीब हजारों व्यवसायियों के सामने व्यापार बंदी की नौबत उत्पन्न हो गई है।

कंपनियों द्वारा उत्पन्न की गई आपालकालीन स्थित : रामबाबू शर्मा
टेंट-केटरिंग एसोसिएशन मध्यप्रदेश के संयोजक रामबाबू शर्मा ने कहाकि कपड़ा, रोटी, मकान के साथ ईंधन जैसे आवश्यक वस्तुएं हर नागरिक का मूल भूत अधिकार है। लेकिन गैस कंपनियों ने कमर्शियल गैस सिलेंडर की आपूर्ति ठप करके मानव अधिकारों का हनन किया है बल्कि सन् 1979 की भांति आपातकालीन स्थित उत्पन्न कर दी है। जिसका टेंट एसोसिएशन, खाद्य पेय मिष्ठान विक्रेता संघ और होटल व्यवसायी संघ पुरजोर विरोध करता है।

होटल, रेस्टोरेंट, मिठाई और गेस्टहाउस संचालकों में खलबली : मोहन शर्मा
खाद्य पेय मिष्ठान विक्रेता संघ के अध्यक्ष मोहन शर्मा ने कहाकि सहालगी सीजन और ईद के मौके पर इन सिलिंडरों पर रोक से होटल, रेस्टोरेंट, मिठाई और गेस्टहाउस संचालकों में खलबली मच गई है।
शहर भर में हजारों रेस्टोरेंट, मिठाई की दुकानें हैं। गैस कंपनियों के इस नए फरमान से होटल, रेस्टोरेंट संचालक परेशान हो गए हैं। शर्मा ने कहा कि बड़े होटल, रेस्टोरेंट आधुनिक किचन में कोयले की भट्ठी कैसे जला पाएंगे। कंपनी के इस कदम से खाद्य उत्पादों के अलावा सहालग में खाद्य सामग्रियों के दाम 25 प्रतिशत तक आगे बढ़ जाएंगे।

