हटाई पाबंदियां, होटल-रेस्टोरेंट, ढाबा संचालकों और औद्योगिक प्रतिष्ठानों ने किया स्वागत : बोले - होटल और रेस्टोरेंट और केटर्स ने ली राहत की सांस
एवीएस न्यूज.भोपाल
केंद्र सरकार ने गैर-घरेलू (कमर्शियल) एलपीजी की आपूर्ति पर लागू सेक्टोरल पाबंदियां हटाने का फैसला लिया है। सरकार के इस निर्णय से होटल-रेस्टोरेंट, ढाबा संचालकों,औद्योगिक प्रतिष्ठानों और अन्य व्यावसायिक उपभोक्ताओं को बड़ी राहत मिलेगी। अब उन्हें अपनी आवश्यकता के अनुसार कमर्शियल एलपीजी की उपलब्धता पहले की तुलना में अधिक सहजता से हो सकेगी। औद्योगिक प्रतिष्ठानों, होटल-रेस्तरां से जुड़े लोगों ने स्वागत किया है। उनका कहना है कि गैस की उपलब्धता में सुधार होने से कारोबार प्रभावित नहीं होगा और उत्पादन तथा सेवाओं का संचालन सुचारू रूप से जारी रखा जा सकेगा। होटल एवं रेस्तरां संचालकों का मानना है कि इससे ग्राहकों को बेहतर सेवाएं देने में भी सुविधा होगी।

भोपाल होटल -रेस्टोरेंट व्यवसायी संघ के अध्यक्ष तेजकुलपाल सिंह पाली ने इसे उद्योग और सेवा क्षेत्र के लिए सकारात्मक कदम बताते हुए कहा कि इससे कारोबार को गति मिलेगी और व्यवसाय करने में आने वाली व्यावहारिक दिक्कतें कम होंगी।
हालांकि, यह फैसला केवल कमर्शियल (गैर-घरेलू) एलपीजी उपभोक्ताओं के लिए है। घरेलू एलपीजी सिलेंडरों की व्यवस्था और नियमों में इस निर्णय के तहत कोई बदलाव नहीं किया गया है। सरकार के इस कदम से विभिन्न व्यावसायिक क्षेत्रों में परिचालन लागत और आपूर्ति संबंधी चिंताओं में कमी आने की उम्मीद जताई जा रही है।

फेडरेशन ऑफ एमपी टेंट एसोसिएशन के कमेटी संयोजक और मिलन टेंट एवं केटर्स के रामबाबू शर्मा ने कहा कि होटल-रेस्टोरेंट, ढाबा संचालकों ,औद्योगिक प्रतिष्ठानों, कैटरर्स और शादी-समारोह के आयोजकों को जो पहले सिलेंडर प्राप्त करने के लिए रसद संबंधी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था, उससे अब पूरी तरह छुटकारा मिल गया है। उन्होंने कहा कि इस फैसले का स्वागत करते हुए इसे अपने व्यापार के लिए बड़ी राहत बताया है।

फेडरेशन ऑफ एमपी टेंट एसोसिएशन वरिष्ठ उपाध्यक्ष रिंकू भटेजा ने कहाकि पिछले कुछ महीनों में कमर्शियल एलपीजी की भारी किल्लत के कारण कई व्यापारों को कोयले या केरोसिन जैसे विकल्पों पर निर्भर होना पड़ा था। अब वे बिना रुकावट अपनी सामान्य क्षमता पर काम कर सकेंगे।

गोविंदपुरा इंडस्ट्रीयल एसोसिएशन के अध्यक्ष विजय गौर ने कहा कि गैर-घरेलू पैक्ड एलपीजी की आपूर्ति संकट-पूर्व स्तर पर बहाल कर दी गई है। इसके साथ ही, बल्क एलपीजी की आपूर्ति भी संकट-पूर्व खपत की 50 फीसदी तक शुरू कर दी गई है। प्रतिबंध हटने के बाद, भोपाल सहित पूरे प्रदेश में होटलों और कैटरिंग व्यवसाय से जुड़े लोगों को अपनी जरूरत के अनुसार कमर्शियल सिलिंडर बिना किसी कड़े नियम या आवंटन कटौती के आसानी से मिल सकेंगे।
होटल-रेस्टोरेंट संचालक बोले
कॉमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की सप्लाई बहाल होने से हमें बड़ी राहत मिली है। पिछले कुछ दिनों से संचालन में काफी परेशानियां आ रही थीं। सरकार के इस फैसले के लिए हम आभार व्यक्त करते हैं।
गैस की कमी के कारण रसोई का काम प्रभावित हो रहा था। अब नियमित सप्लाई मिलने से होटल और रेस्टोरेंट का संचालन सुचारु रूप से हो सकेगा।
यह फैसला होटल और रेस्टोरेंट उद्योग के लिए सकारात्मक कदम है। समय पर सिलेंडर मिलने से ग्राहकों को बेहतर सेवा देने में आसानी होगी।
हम सरकार और प्रशासन का धन्यवाद करते हैं कि हमारी समस्याओं को गंभीरता से लिया गया। उम्मीद है कि आगे भी कॉमर्शियल एलपीजी की आपूर्ति बिना किसी बाधा के जारी रहेगी।






