सब्जियों की कीमतों में भी उछाल, उपभोक्ता परेशान
टमाटर हुआ और लाल, कीमत छू रही आसमान
एवीएस न्यूज..भोपाल
सब्जियों के बढ़ते दामों ने आम आदमी का बजट बिगाड़ दिया है। शहर में टमाटर के भाव अचानक 60 रुपए प्रति किलो तक पहुंच गए हैं। हरी सब्जियों में भी तेजी का दौर जारी है। इसके साथ ही अदरक और लहसुन 150 से 200 रुपए के करीब बिक रहे हैं।
करोंद मंडी स्थित थोक टमाटर विक्रेता राजेंद्र कुमार सैनी के अनुसार स्थानीय सब्जी मंडी में टमाटर की भरपूर आवक घटने लगी है। जिसके चलते टमाटर के भाव जेब पर भारी पड़ने लगा है।
टमाटर में यह तेजी अचानक से आई है। पिछले हफ्ते तक टमाटर 20 से 30 रुपए किलो था जो अब उछलकर से 40 से 60 रुपए किलो फुटकर में बिकने रहा है।

थोक सब्जी कारोबारी मो.वसीम और मो.सलीम एकेएस के अनुसार आसपास के क्षेत्रों में इस सीजन के टमाटर की फसल समाप्त हो चुकी है, जिसका भी असर भाव में देखा जा रहा है। यही कारण है कि दक्षिण भारत से टमाटर की बड़ी खेप बुला रहे हैं। मंडी में अब टमाटर महाराष्ट्र, कर्नाटक और आंध्र प्रदेश जैसे दूरदराज के राज्यों से आ रहे हैं।
लहसुन-अदरक के भाव भी ऊपर चढ़े, प्याज भी रुलाएगी
सब्जी की महंगाई टमाटर पर ही खत्म नहीं होती, लहसुन खुले बाजार में 150 से 200 रुपए किलो और अदरक120 से 150 रुपए प्रति किलो तक बिक रहा है। जिस तरीके से टमाटर ने सीजन पर किसानों को धोखा दिया, इस साल लहसुन के दाम आसमान छू रहे हैं। सब्जी विक्रेताओं के अनुसार प्याज के दाम भी दिन-ब-दिन बढ़ना शुरू हो गए हैं, इस साल भी मानसून की दस्तक के साथ प्याज जल्दी खराब हो रही है। इसलिए ऐसा लगता है कि प्याज भी आसमान छू सकता है।
बीते कुछ दिनों में टमाटर, भिंडी, लौकी, करेला, बैंगन और अन्य सब्जियों के दामों में अचानक आई तेजी ने आम लोगों की रसोई का बजट बिगाड़ दिया है।
सब्जी विक्रेताओं के अनुसार, बारिश के कारण कई क्षेत्रों में फसलों को नुकसान पहुंचा है, जिससे मंडियों में आवक कम हुई है। आपूर्ति घटने और मांग बढ़ने के कारण कीमतों में उछाल आया है।
गृहिणी संगीता का कहना है कि रोजमर्रा में इस्तेमाल होने वाली सब्जियों के महंगे होने से घरेलू खर्च बढ़ गया है। कई परिवारों ने खर्च नियंत्रित करने के लिए सब्जियों की खरीदारी कम कर दी है या सस्ती सब्जियों का विकल्प अपनाना शुरू कर दिया है।
सब्जियों और मसालों की महंगाई ने आम घरेलू बजट पर काफी दबाव डाला
राजधानी भोपाल सहित मध्य प्रदेश के अन्य क्षेत्रों में टमाटर सहित अन्य सब्जियों का स्थानीय उत्पादन घटने और बाहर से आवक होने के कारण कीमतों में वृद्धि शुरू हो गई है। ताजा आंकड़ों के अनुसार खाद्य महंगाई दर बीते महीने बढ़कर 4.78 प्रतिशत पर पहुंच गई है, जबकि अप्रैल में यह 4.20 प्रतिशत थी। इस वृद्धि ने आवश्यक खाद्य वस्तुओं की कीमतों पर सीधा असर डाला है। आवश्यक खाद्य वस्तुओं की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी से घरेलू बजट प्रभावित हो रहा है। उपभोक्ता अब पहले की तुलना में समान मात्रा में सब्जियां और खाद्य सामग्री खरीदने के लिए अधिक खर्च कर रहे हैं।
हाट-बाजार में सब्जियों के भाव क्वालिटीनुसार
आलू 20 से 25 रुपए
प्याज 20 से 25 रुपए
टमाटर 50 से 60 रुपए
लहसुन 150 से 200 रुपए
अदरक 120 से 150 रुपए
भिंडी 40 से 50 रुपए
बैंगन 30 से 40 रुपए
लौकी 30 से 40 रुपए
तोरई 40 से 50 रुपए
हरी मिर्च 60 से 80 रुपए
धनिया 60 – 80 रुपए
पत्ता गोभी 30– 40 रुपए
फूल गोभी 40 से 60 रुपए
परमल 40 से 60 रुपए
कटहल 40 रुपए






