वॉलमार्ट ने ग्रोथ समिट 2026 का आयोजन किया
एवीएस न्यूज नई दिल्ली
वॉलमार्ट ने भारत मंडपम, नई दिल्ली में वॉलमार्ट ग्रोथ समिट के दूसरे संस्करण इंडिया 2026 का आयोजन किया। इस आयोजन के जरिए निर्यात के लिए तैयार उद्यमों, एमएसएमई, डिजिटल-फर्स्ट ब्रांड्स, डी2सी विक्रेताओं और सप्लाई चेन भागीदारों को एक मंच पर लाया गया है, ताकि वे देश और विदेश दोनों बाजारों में विकास के नए अवसरों को तलाश सकें।
वॉलमार्ट इंक के प्रेसिडेंट एवं सीईओ जॉन फर्नर ने कहा कि आज के वैश्विक व्यापार परिदृश्य में भारत सबसे ज्यादा गतिशील अवसरों का प्रतिनिधित्व करता है। हमने अब तक भारत से 40 अरब डॉलर से ज्यादा के उत्पादों की सोर्सिंग की है और उद्यमियों को मजबूत करने एवं सप्लायर्स की क्षमता बढ़ाने, नियमों का अनुपालन सुनिश्चित करने, गुणवत्तापूर्ण मानक स्थापित करने और मैन्यूफैक्चरिंग बढ़ाने पर फोकस कर रहे हैं।
इससे भारतीय कंपनियों को निर्यात के लिए तैयार करने में मदद मिली है। इससे व्यापक आर्थिक अवसर बन रहे हैं और इनोवेटिव कंपनियों को वैश्विक बाजारों से जोडऩे का मौका मिल रहा है।
फ्लिपकार्ट ग्रुप के सीईओ कल्याण कृष्णमूर्ति ने कहा कि फ्लिपकार्ट ग्रुप में हमने इस बात को व्यक्तिगत रूप से अनुभव किया है कि कैसे टेक्नोलॉजी और डिजिटल कॉमर्स से पूरे भारत में लाखों छोटे कारोबारियों, उद्यमियों, कारीगरों और स्थानीय समुदायों के लिए नए अवसर खुल सकते हैं।
फ्लिपकार्ट समर्थ और वॉलमार्ट वृद्धि जैसी पहलों के माध्यम से हम क्षमता निर्माण करने, बाजार तक पहुंच बेहतर करने और कंपनियों के लिए वैश्विक एवं घरेलू बाजार में विकास के रास्ते खोलने में मदद कर रहे हैं। हम लगातार समावेशी व्यवस्था बनाने और भारत में कॉमर्स इकोसिस्टम को सशक्त करने पर फोकस कर रहे हैं।’
वॉलमार्ट मार्केटप्लेस के सीनियर वाइस प्रेसिडेंट मनीष जुनेजा ने कहाकि वैश्विक व्यापार के क्षेत्र में भारत की महत्वाकांक्षाएं लगातार बढ़ रही हैं तथा वॉलमार्ट मार्केटप्लेस को डीपीआईआईटी एवं एफआईईओ जैसे संगठनों के साथ गठजोड़ करने का गर्व है। इससे भारतीय कंपनियों को निर्यात के लिए तैयार करने और दुनियाभर के ग्राहकों से जोडऩे में मदद मिली है।

