भोपाल। बीएसएनएल के रजत जयंती के अवसर पर शुक्रवार को रविंद्र भवन में दूरसंचार महिला कल्याण संगठन के तत्वावधान में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित हुआ । इस सांस्कृतिक कार्यक्रम में बीएसएनएल के अधिकारियों और कर्मचारियों द्वारा रंगारंग प्रस्तुतियां दीं गई। जिसमें गीत, नृत्य. नाटक और मिमिक्री जैसे अत्यंत मनमोहक और आकर्षक कार्यक्रम थे ।

इस अवसर पर मिथिलेश कुमार, मुख्य महाप्रबंधक बीएसएनएल मप्र ने कहा कि यह बीएसएनएल के लिए बहुत गर्व का दिन है, दूरसंचार विभाग की गौरवशाली और जनसेवा की भावनाओं की ऐतिहासिक परम्पराओं को निभाते हुए बीएसएनएल मे सफलताओं और उपलब्धियों से भरे 25 वर्ष पूर्ण किए हैं । अब बीएसएनएल पूर्ण रुप से स्वदेशी तकनीक पर आधारित 4जी सेवाएं आरंभ कर चुका है और शीघ्र ही देशभर में बीएसएनएल की 5जी सेवाओं का लोकार्पण भी होगा ।

उन्होंने कहाकि  हमारे परिवार के सदस्यों नें जो कड़ी मेहनत की है इसके परिणाम स्वरूप ही बीएसएनएल लगातार लाभ की ओर अग्रसर है और पूर्ण विश्वास है कि बीएसएनएल देश के दूरदराज़ क्षेत्रों में बिना किसी लाभ की अपेक्षा के हर नागरिक को विश्वस्तरीय आधुनिक संचार सेवाएं देते हुए राष्ट्र के प्रति अपनी ज़िम्मेदारियाँ निभाते हुए लाभ के साथ अग्रसर रहेगा ।

कार्यक्रम के अंत में श्रीमती मीनाक्षी सिंह, अध्यक्ष, दूरसंचार महिला संगठन द्वारा सफल कार्यक्रम के लिए सभी संबंधित कलाकारों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों की प्रशंसा करते हुए प्रशस्ति पत्र प्रदान किए । उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित हुए बीएसएनएल परिवार के सभी सदस्यों का अभिनंदन करते हुए आभार व्यक्त किया ।