भोपाल। सरकार द्वारा अगस्त माह के लिए उम्मीद कम कोटा जारी किए जाने के साथ बाजार में त्यौहारी मांग जोरों पर निकलने से शक्कर की कीमतें में कड़वाहट घुल गई। शक्कर के थोक भाव में 200 रुपए की क्विंटल की तेजी दर्ज हुई है। स्थानीय हनुमानगंज स्थित थोक शक्कर कारोबारी देवानंद सचदेवा के अनुसार थोक बाजार में शक्कर मीडियम का सौदा 4400 रुपए, शक्कर सुपर 4360 रुपए क्विंटल के भाव हो रहा है तो फुटकर व्यापारी हरशेन्द्र महाजन ने बताया कि खुदरा बाजार में शक्कर 45 रुपए किलो के पार है। 


  इस साल में 13 फीसदी से अधिक बढ़े चीनी के दाम  
 गौरतलब है कि त्योहारी मांग के होने से चीनी में महंगाई का रंग चढ़ना शुरु हो गया। बाजार जानकारों के अनुसार देश में चीनी की कमी नहीं होने के बावजूद इस साल में चीनी के दाम 13 फीसदी से अधिक बढ़ गए हैं।  बाजार में चीनी की कमी न हो, इसके लिए खाद्य मंत्रालय ने अगस्त 2025 के लिए 582 चीनी मिलों को 22.5 लाख मीट्रिक टन का मासिक चीनी कोटा आवंटित किया, जो अगस्त 2024 के लिए आवंटित कोटे से कम है। अगस्त 2024 में सरकार ने घरेलू बिक्री के लिए 22 लाख मीट्रिक टन का मासिक चीनी कोटा आवंटित किया था। जुलाई 2025 के लिए भी चीनी कोटा आवंटन 22 लाख मीट्रिक टन था।
बाजार विशेषज्ञों के अनुसार अधिक मांग के कारण जुलाई में कीमतों में 150 रुपए प्रति क्विंटल की वृद्धि देखी गई। रक्षा बंधन, कृष्ण जन्माष्टमी, श्रावण आदि जैसे त्योहारों के कारण अगस्त का कोटा अपेक्षित मांग से कम है । मांग अधिक होने के कारण बाजार में कीमतों में 200 रुपए प्रति क्विंटल की और वृद्धि होने की संभावना है।