त्योहारी सीजन में पहले में शक्कर में ऐतिहासिक उछाल: चीनी में खुली महंगाई की कड़वाहट, पहली बार 50 रुपए किलो के पार
एवीएस न्यूज.भोपाल
कमजोर मानसून और घटते स्टॉक के बीच चीनी (शक्कर )ने ऊंची छलांग लगाई है। अब तक के इतिहास में पहली बार राजधानी भोपाल में चीनी के थोक भाव 50 रुपए प्रति किलो बोला गया और आने वाले त्यौहारी सीजन में चीनी के भाव में और महंगाई की कड़वाहट घुलेगी।
स्थानीय भोपाल के हनुमानंगज और जुमेराती बाजार स्थित तेल-शक्कर ब्रोकर और शकर व्यापारी देवानंद सचदेवा ने बताया कि त्योहारी सीजन के पहले चीन के दाम ऐतिहासिक ऊंचाई पर पहुंच गए हैं। पहली बार चीनी के एक्स फैक्टरी भाव 5,000 रुपए प्रति क्विंटल (50 रुपए प्रति किलो) खुला। इसका असर थोक बाजार पर भी पड़ा और आगे भी पड़ेगा। स्थानीय थोक बाजार में शक्कर 55 रुपए किलो के पार पहुंचने की संभावना है।
व्यापारियों के अनुसार कमजोर मानसून के कारण गन्ना उत्पादन पर असर और पुराने स्टॉक में कमी कीमतों में तेजी के प्रमुख कारण हैं। त्योहारी सीजन में मिठाइयों और अन्य खाद्य पदार्थों की मांग बढ़ने के साथ चीनी की कीमतों में और बढ़ोतरी की आशंका बनी हुई है।
व्यापारियों के अनुसार चालू सीजन में एथनॉल के लिए चीनी आवंटन में बदलाव के बाद उत्पादन अनुमान पहले 300 लाख टन से अधिक लगाया गया था, लेकिन अब इसके घटकर 280 से 285 लाख टन रहने की संभावना है। सितंबर तक चीनी का क्लोजिंग स्टॉक भी घटकर 10 से 15 लाख टन रहने का अनुमान है, जबकि देश में हर महीने करीब 22 से 25 लाख टन चीनी की जरूरत होती है।
विशेषज्ञों का कहना है कि कम कैरीओवर स्टॉक, मानसून की अनिश्चितता और अगले सीजन के उत्पादन को लेकर चिंता कीमतों को समर्थन दे रही है। हालांकि, चीनी की कीमतें 50 रुपण् किलो के ऊपर लंबे समय तक बनी रहेंगी या नहीं, यह जुलाई-अगस्त में मानसून की स्थिति और नए सीजन के उत्पादन अनुमान पर निर्भर करेगा।






