बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के पनपथा बफर : बाघ हमले की घटना में अदम्य साहस दिखाने वाली रेंज ऑफिसर अंजू वर्मा को मिला सम्मान
एवीएस न्यूज.उमरिया/ भोपाल
बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के पनपथा बफर परिक्षेत्र अंतर्गत ग्राम खेरवा टोला में बाघ हमले की संवेदनशील घटना के दौरान साहस, सूझबूझ और कर्तव्यनिष्ठा का परिचय देने पर रेंज ऑफिसर सुश्री अंजू वर्मा को सम्मानित किया गया है।
क्षेत्र संचालक, बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व द्वारा उन्हें 25 हजार रुपये की सम्मान राशि प्रदान कर उनके कार्य की सराहना की गई।
जानकारी के अनुसार 24 मई 2026 की रात ग्राम खेरवा टोला में एक बाघ घर में घुस आया था। हमले में एक महिला की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही परिक्षेत्र अधिकारी पतौर सुश्री अंजू वर्मा अपने स्टाफ के साथ तत्काल मौके पर पहुंचीं और घायल व्यक्तियों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाने के साथ-साथ रेस्क्यू अभियान में सक्रिय सहयोग दिया।
घटना के दौरान क्षेत्र में बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे और हालात अत्यंत तनावपूर्ण बने हुए थे। ऐसे चुनौतीपूर्ण समय में सुश्री अंजू वर्मा ने धैर्य और साहस का परिचय देते हुए प्रशासन एवं ग्रामीणों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया तथा स्थिति को नियंत्रित करने में अहम भूमिका निभाई। उन्होंने मौके पर वन अमले और ग्रामीणों की सुरक्षा सुनिश्चित करते हुए रेस्क्यू कार्य को सुचारु रूप से संचालित कराया।
वर्ष 2016 बैच की रेंज ऑफिसर सुश्री अंजू वर्मा वर्तमान में बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के पतौर परिक्षेत्र में पदस्थ हैं। उनके संवेदनशील और साहसिक कार्य की क्षेत्रभर में सराहना की जा रही है।






