एवीएस न्यूज. नई दिल्ली

 आईडीबीआई बैंक का एकल शुद्ध मुनाफा सितंबर तिमाही में लगभग दोगुना होकर 3,627 करोड़ रुपये हो गया। इसमें एनएसडीएल में निवेश की बिक्री से प्राप्त लाभ भी शामिल है। कंपनी ने शनिवार को जारी अपने वित्तीय परिणामों में इसकी जानकारी दी। एलआईसी के नियंत्रण वाले बैंक का मुनाफा 2024-25 की जुलाई-सितंबर अवधि में 1,836 करोड़ रुपये का था।

बैंक ने बीएसई को दी सूचना में बताया कि उसने अपने आईपीओ में 799.87 रुपए प्रति शेयर के निर्गम मूल्य पर 2.22 करोड़ इक्विटी शेयरों की पेशकश की थी। इसमें नेशनल सिक्योरिटीज डिपॉजिटरी लिमिटेड (एनएसडीएल) में 11.11 प्रतिशत शेयरधारिता शामिल है। इससे उसे 1,698.96 करोड़ रुपए का शुद्ध लाभ हुआ।


बैंक ने कहा कि वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही में उसका परिचालन लाभ 17 प्रतिशत बढ़कर 3,523 करोड़ रुपये हो गया। एक साल पहले इसी तिमाही में यह लाभ 3,006 करोड़ रुपए था। वित्त वर्ष 2026 की जुलाई-सितंबर अवधि में ब्याज स शुद्ध आय 3,285 करोड़ रुपये थी। जबकि एक साल पहले यह 3,875 करोड़ रुपए  थी। इसका कुल कारोबार 5,33,730 करोड़ रुपये का रहा, जो 12 प्रतिशत की वार्षिक वृद्धि दर्शाता है।

आईडीबीआई बैंक ने आगे कहा कि 30 सितंबर, 2025 तक उसका सकल एनपीए अनुपात एक साल पहले के 3.68 प्रतिशत की तुलना में बढ़कर 2.65 प्रतिशत हो गया। शुद्ध एनपीए अनुपात सितंबर 2024 के 0.20 प्रतिशत की तुलना में 0.21 प्रतिशत रहा। बैंक ने कहा कि 30 सितंबर, 2025 तक उसकी कुल जमा राशि 3 लाख करोड़ रुपए के आंकड़े को पार कर जाएगी। 30 सितंबर, 2025 तक चालू खाता और बचत खाता (सीएएसए) 1,39,036 करोड़ रुपए और सीएएसए अनुपात 45.81 प्रतिशत रहा।