सीएस मॉनिटरिंग के बाद क्रेडाई भोपाल की टीसीपी डायरेक्टर के साथ बैठक: मास्टर प्लान, धारा-16 और पार्किंग नॉर्म्स के साथ विकास मुद्दों पर हुई चर्चा
एवीएस न्यूज.भोपाल
क्रेडाई भोपाल का प्रतिनिधिमंडल, अध्यक्ष मनोज मीक के नेतृत्व मे श्रीकांत भानोट, निदेशक टाउन एंड कंट्री प्लानिंग, से मुलाकात के लिए पहुंचा। बैठक में विभाग के वरिष्ठ अधिकारी विष्णु खरे तथा क्रेडाई के सदस्य सुनील गुप्ता, शिवनव प्रधान और नमन अग्रवाल उपस्थित रहे। बैठक में राजधानी के रियल एस्टेट, विकास योजना, नगर नियोजन एवं भोपाल विकास प्राधिकरण से जुड़े लंबित मुद्दों के समाधान पर चर्चा की और क्रेडाई ने हाल ही में संपन्न सीएस मॉनिटरिंग मीटिंग के आधार पर तैयार विस्तृत प्रतिवेदन निदेशक को सौंपा।
विभाग व्यवहारिक समाधान लागू करने के प्रति गंभीर : भानोट
बैठक में क्रेडाई द्वारा उठाए गए सभी तकनीकी, प्रक्रियागत एवं व्यवहारिक मुद्दों पर विभाग ने विस्तार से चर्चा हुई। निदेशक भानोट ने कई सुधारात्मक बिंदुओं पर सकारात्मक सहमति व्यक्त की और कहा कि विभाग व्यवहारिक समाधान लागू करने के प्रति गंभीर है। उन्होंने विभाग स्तर पर निराकरण योग्य विषयों को प्राथमिकता से निपटाने का आश्वासन दिया गया साथ ही शासन एवं संचालनालय स्तर के बिंदुओं पर भी निदेशक ने क्रेडाई के साथ सहयोग और समन्वय का भरोसा दिया।
पार्किंग नॉर्म्स का राष्ट्रीय तुलनात्मक अध्ययन निदेशक को सौंपा
बैठक के दौरान क्रेडाई मध्यप्रदेश की ओर से अध्यक्ष मनोज मीक ने क्रेडाई इंदौर द्वारा तैयार मल्टी-स्टोरी बिल्डिंग्स के लिए पार्किंग नॉर्म्स का राष्ट्रीय तुलनात्मक अध्ययन भी निदेशक को सौंपा, जो भविष्य में राज्य-स्तरीय पार्किंग मानकों को अधिक व्यावहारिक बनाने में सहायक होगा। इस उच्च-स्तरीय बैठक के पश्चात राजधानी में लंबित अनुमतियां, मास्टर प्लान संबंधी मुद्दे, धारा 16, भू-विकास नियम 2012 एवं 2025, एफएआर, पार्किंग नॉर्म्स, लो-डेंसिटी जोन, टीडीआर आदि से जुड़े अनेक महत्वपूर्ण विषयों पर शीघ्र समाधान की संभावनाएं मजबूत हुई हैं। क्रेडाई भोपाल ने कहा कि रियल एस्टेट सेक्टर प्रदेश के शहरी विकास का प्रमुख स्तंभ है और सरकार की नीतियों को प्रभावी रूप से क्रियान्वित करने में डेवलपर समुदाय की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।

