नेटफ्लिक्स ने ‘मां-बहन’ का ट्रेलर रिलीज किया: जिसमें माधुरी दीक्षित, रवि किशन, तृप्ति डिमरी और धारणा दुर्गा नजर आएंगे
एवीएस न्यूज .मुंबई
ध्यान से देखिए आज हुआ है एक भयावह कांड का खुलासा! बात कर रहे है आदर्श कॉलोनी की मशहूर रेखा, जया और सुषमा के कारनामों की। अब इस कांड की पूरी पोल खोलते हुए नेटफ्लिक्स ने अपनी नई फिल्म ‘माँ-बहन’ का ट्रेलर रिलीज कर दिया है। यह एक मजेदार और जबरदस्त क्राइम-कॉमेडी है, जहां झूठ पर झूठ बोला जाता है, शक बढ़ता जाता है और एक उलझा हुआ मां-बेटी का परिवार अपने सबसे बड़े कांड से बचने की कोशिश करता है। क्या है ये कांड और किसने किया ये कांड- सब पता चलेगा 4 जून को सिर्फ नेटफ्लिक्स पर।
अबंडंशिया एंटरटेनमेंट और ओपनिंग इमेज फिल्म्स के साथ मिलकर बनाई गई इस फिल्म का निर्देशन सुरेश त्रिवेणी ने किया है। यह कहानी एक ऐसे उलझी हुई मां-बेटी की तिकड़ी की कहानी है, जो एक लाश को छिपाने की कोशिश करती है। इसी बीच उन्हें अजीब हालात, टांग अड़ाने वाले पड़ोसी और अपने ही अनोखे परिवार की उलझनों का सामना करना पड़ता है।
फिल्म में रेखा के किरदार में माधुरी दीक्षित, जया के रोल में तृप्ति डिमरी, सुषमा के किरदार में धारणा दुर्गा, गुप्ताजी के रोल में रवि किशन, गुप्ताइन के किरदार में गीतांजलि कुलकर्णी, माहेश्वरी के रोल में अरुणोदय सिंह और मानस के किरदार में शार्दुल भारद्वाज नजर आएंगे।
ट्रेलर में रेखा, जया और सुषमा की जिंदगी में मची पूरी अफरा-तफरी दिखाई गई है, जो पहले से ही एक-दूसरे को झेलने में परेशान हैं और तभी उनकी जिंदगी में सबसे बड़ा हादसा हो जाता है। रेखा जी के घर में है एक डेड बॉडी! आखिर क्या हुआ था उस रात? इसके बाद शुरू होता है घबराहट, राज़ छिपाने की कोशिश, इमोशनल ड्रामे और कई मजेदार लेकिन अजीब फैसलों का ?बरदस्त रोलरकोस्टर। फुल तबाहीज्मगर चाय की चुस्की के साथ!
फिल्म के निर्देशक और निर्माता सुरेश त्रिवेणी ने कहा कि माँ-बहन के जरिए हम एक ऐसी कहानी दिखाना चाहते थे, जो अपनी जड़ों से जुड़ी हो और साथ ही दर्शकों का भरपूर मनोरंजन भी करे और जिसमें कलाकारों की परफॉर्मेंस भी कमाल की हो। यह फिल्म एक ऐसे उलझे हुए परिवार की कहानी है, जिसमें मां रेखा और उनकी दो बेटियां जया और सुषमा हमेशा आपस में लड़ती रहती हैं। लेकिन फिर उनकी जिंदगी में एक ऐसा कांड हो जाता है, जिसकी वजह से हालात पूरी तरह बिगड़ जाते हैं और उन्हें कई अजीब, मजेदार और मुश्किल परिस्थितियों का सामना करना पड़ता है। अब उन्हें इस पूरे मामले को छिपाने और संभालने की कोशिश करनी पड़ती है।
फिल्म का हर किरदार अपनी अलग ऊर्जा लेकर आता है, जिससे इनका रिश्ता और भी उलझा हुआ, अनिश्चित और इंसानी भावनाओं से भरा लगता है। नेटफ्लिक्स और अबंडंशिया एंटरटेनमेंट के साथ मिलकर इस खास प्रोजेक्ट पर काम करना बेहद रोमांचक रहा। वहीं माधुरी, तृप्ति, धारणा, रवि, गीतांजलि, अरुणोदय और शार्दुल जैसे कलाकारों ने इस कहानी को और भी खास बना दिया। ट्रेलर तो सिर्फ एक झलक है, असली हंगामा 4 जून से शुरू होगा।
माधुरी दीक्षित ने कहा कि रेखा हिंदी फिल्मों की आम मां जैसी नहीं है और यही बात इस किरदार को मेरे लिए खास बनाती है। एक कलाकार के तौर पर ऐसे किरदार निभाना बहुत अच्छा लगता है, जो अलग हों और दर्शकों की सोच को बदल दें। रेखा शायद एक परफेक्ट मां नहीं है, लेकिन हर मां की तरह वह भी अपनी बेटियों का भला चाहती है और इस पूरे हंगामे के बीच अपने परिवार को संभालने की कोशिश करती है। सुरेश त्रिवेणी जैसे क्रिएटर्स और नेटफ्लिक्स और अबंडंशिया एंटरटेनमेंट जैसे पार्टनर्स की वजह से मुझे दर्शकों के सामने यह अनोखी कहानी और किरदार पेश करने का मौका मिला।
‘माँ-बहन’ एक ऐसी एंटरटेनर फिल्म है, जिसका सबसे ज्यादा मजा पूरे परिवार - मां, बहन, भाई और दोस्तों के साथ बैठकर देखने में आएगा।
तृप्ति डिमरी ने कहाकि जया घर की संस्कारी और जिम्मेदार बेटी है, लेकिन उसके अंदर सही और गलत की अच्छी समझ भी है। वह हमेशा अपने आसपास के हंगामे को संभालने की कोशिश करती रहती है, लेकिन हर बार खुद उसी परेशानी में और फंस जाती है। दोनों बहनों के बीच की नोकझोंक और पागलपन फिल्म का मेरा सबसे पसंदीदा हिस्सा था।
माधुरी दीक्षित जैसी दिग्गज अभिनेत्री के साथ स्क्रीन शेयर करना मेरे लिए किसी सपने जैसा है। उन्होंने पूरी एक पीढ़ी को सिनेमा से प्यार करना सिखाया है। मेरे लिए यह अनुभव घर वापसी जैसा महसूस होता है। नेटफ्लिक्स के साथ मैंने अपने कुछ सबसे पसंदीदा प्रोजेक्ट किए हैं और मेरी स्ट्रीमिंग डेब्यू भी उन्हीं के साथ हुई थी, इसलिए यह सफर मेरे लिए और भी खास बन गया है। मैं नेटफ्लिक्स और अबंडंशिया एंटरटेनमेंट की शुक्रगुजार हूं कि उन्होंने मुझे ‘माँ-बहन’ जैसी फिल्म और ऐसा अलग किरदार निभाने का मौका दिया, जो दर्शकों को जरूर चौंकाएगा।


