भोपाल/उमरिया, एवीएस न्यूज।


प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सिंगल क्लिक के माध्यम से प्रदेश के 33 लाख से अधिक हितग्राहियों के खातों में पेंशन राशि का अंतरण किया। यह राशि माह मार्च (पेड इन अप्रैल 2026) की कुल 200.71 करोड़ रुपये की है, जो वृध्दावस्था, कल्याणी एवं दिव्यांगता पेंशन के रूप में हितग्राहियों को प्रदान की गई।

उमरिया जिले में भी इस कार्यक्रम का सीधा प्रसारण एनआईसी कक्ष में देखा और सुना गया। इस अवसर पर कलेक्टर श्रीमती राखी सहाय, उप संचालक सामाजिक न्याय विभाग अमन कुमार दुबे सहित हितग्राही उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान कलेक्टर श्रीमती सहाय द्वारा एनआईसी कक्ष में उपस्थित हितग्राहियों को पेंशन प्रमाण पत्र भी वितरित किए गए। इनमें सावित्री यादव, कृष्णपाल यादव, गंगा बर्मन, लक्ष्मण सोधिया, मीरा बाई सोधिया, रामरती कोरी, वंदना हरिजन और अमित जैसवाल सहित अन्य हितग्राही शामिल रहे, जिन्हें क्रमशः वृद्धावस्था, कल्याणी एवं दिव्यांगता पेंशन के प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।

कार्यक्रम के माध्यम से सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ सीधे हितग्राहियों तक पहुंचाने की पहल को और अधिक मजबूती मिली है।