शिक्षा मंत्री ने पुरस्कार विजेताओं को सम्मानित कर छात्रवृत्तियों का किया वितरण


एवीएस न्यूज.लुधियाना 
नेहरू सिद्धांत केंद्र ट्रस्ट लुधियाना में सत पॉल मित्तल नेशनल अवॉर्ड्स 2025 प्रदान किए। भारत सरकार के शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे और उन्होंने पुरस्कार विजेताओं को सम्मानित किया एवं छात्रवृत्तियों का वितरण किया। इस अवसर पर नेहरू सिद्धांत केंद्र ट्रस्ट के अध्यक्ष राकेश भारती मित्तल भी उपस्थित रहे। 
सत पॉल मित्तल नेशनल अवॉर्ड्स 2025 के पांच विशिष्ट पुरस्कार प्राप्तकर्ताओं को प्लैटिनम और गोल्ड श्रेणियों में कुल 20 लाख रुपए की नकद राशि तथा प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए। ट्रस्ट ने, 1991 से अब तक, विविध सामाजिक-आर्थिक पृष्ठभूमि से आने वाले विद्यार्थियों को 11 करोड़ से अधिक मूल्य की 28,000 से अधिक छात्रवृत्तियां प्रदान की हैं, जिनमें 76 फीसदी लाभार्थी छात्राएं रही हैं।

वर्तमान वर्ष में, ट्रस्ट लगभग ₹2 करोड़ की छात्रवृत्तियाँ 1,700 से अधिक विद्यार्थियों को वितरित करेगा। इसके अतिरिक्त, इंटर-कॉलेज वाद-विवाद प्रतियोगिता के विजेताओं को भी पुरस्कार प्रदान किए गए।

इस मौके शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहाकि सत पॉल मित्तल राष्ट्रीय पुरस्कार समारोह केवल सम्मान का नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण में शिक्षा, सेवा और स्वदेशी सोच के योगदान का भी प्रतीक है।