5जी वायरलेस ब्रॉडबैंड ग्राहक 92.7 लाख के पार, फिक्स्ड वायरलाइन में भी जियो नंबर वन


एवीएस न्यूज.नई दिल्ली 
हाई-स्पीड इंटरनेट बाजार में रिलायंस जियो की पकड़ जुलाई में और मजबूत हुई है। भारतीय दूरसंचार विनियामक प्राधिकरण (ट्राई) के ताजा आंकड़ों के मुताबिक, 5जी आधारित वायरलेस ब्रॉडबैंड सेवा में जियो के ग्राहकों की संख्या बढ़कर 92.70 लाख हो गई है। देश में इस सेवा के कुल करीब 1.32 करोड़ ग्राहकों में जियो की हिस्सेदारी 70 फीसदी से अधिक हो गई है।

फिक्स्ड वायरलाइन ब्रॉडबैंड के बाजार में भी जियो शीर्ष पर बना हुआ है। जुलाई के अंत तक जियो के इस सेगमेंट में करीब 1.47 करोड़ ग्राहक थे। वहीं, एयरटेल के ग्राहकों की संख्या करीब 1.13 करोड़ रही। इस तरह जियो ने एयरटेल पर लगभग 34 लाख ग्राहकों की बढ़त बनाए रखी।

जुलाई में जुड़े 1.56 लाख नए 5जी कनेक्शन

5जीआधारित वायरलेस ब्रॉडबैंड उन इलाकों में तेज इंटरनेट पहुंचाने का विकल्प बन रहा है, जहां फाइबर नेटवर्क बिछाना मुश्किल या समय लेने वाला है। जुलाई में जियो ने करीब 1.56 लाख नए 5जी वायरलेस कनेक्शन जोड़े। इससे कंपनी का ग्राहक आधार 91.14 लाख से बढ़कर 92.70 लाख हो गया।

जियो फिक्स्ड वायरलेस के लिए यूबीआई तकनीक का भी इस्तेमाल करता है। जुलाई के अंत तक यूबीआई पर जियो के करीब 51.38 लाख कनेक्शन थे। 5जी वायरलेस और यूबीआई दोनों को मिलाकर कंपनी का कुल फिक्स्ड वायरलेस ग्राहक आधार करीब 1.44 करोड़ पहुंच गया।

मोबाइल बाजार में भी जियो सबसे आगे

मोबाइल टेलीकॉम बाजार में भी जियो सबसे बड़ा ऑपरेटर बना हुआ है। जुलाई के अंत तक कंपनी के कुल मोबाइल कनेक्शन 50.6 करोड़ से अधिक रहे। ट्राई के अनुसार, मोबाइल बाजार में जियो की हिस्सेदारी 39.29 फीसदी रही, जबकि एयरटेल की हिस्सेदारी 38.01 फीसदी थी।

जुलाई के आंकड़े संकेत देते हैं कि जियो की बढ़त अब सिर्फ मोबाइल सेवाओं तक सीमित नहीं है। फिक्स्ड वायरलाइन और 5जी आधारित वायरलेस ब्रॉडबैंड—होम इंटरनेट के दोनों प्रमुख सेगमेंट में कंपनी अपनी मजबूत स्थिति बनाए हुए है।