नाबार्ड के आम महोत्सव 9.0 का आज होगा शुभारंभ : आम महोत्सव में आम्रपाली, लंगड़ा, दशहरी, केसर, चौसा, मल्लिका, राजापुरी, तोतापुरी सहित कई किस्मों के आम होंगे उपलब्ध
एवीएस न्यूज.भोपाल
राजधानी में इस वर्ष भी नाबार्ड द्वारा आम महोत्सव 9.0 का आयोजन 4 जून से 8 जून 2026 तक बिट्टन मार्केट स्थित क्षेत्रीय कार्यालय परिसर में किया जाएगा। इस महोत्सव का शुभारंभ गुरूवार को दोपहर 12 बजे होगा।
कार्यक्रम में मध्य प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए आदिवासी किसानों द्वारा उत्पादित रसायन-मुक्त और प्राकृतिक आम शहरवासियों के लिए उपलब्ध कराए जाएंगे। इन आमों को नाबार्ड समर्थित वाडी परियोजनाओं के माध्यम से तैयार किया गया है, जिनमें किसी भी प्रकार के रसायन का उपयोग नहीं किया गया है।
इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य आदिवासी किसानों को उनके उत्पाद के लिए बेहतर बाजार उपलब्ध कराना और उनकी आय बढ़ाना है। नाबार्ड की आदिवासी विकास निधि के तहत वर्ष 2003-04 से अब तक मध्य प्रदेश में 105 परियोजनाएं स्वीकृत की जा चुकी हैं, जिनसे लगभग 80,000 परिवार लाभांवित हुए हैं और करीब 75,000 एकड़ क्षेत्र में बागवानी व कृषि गतिविधियों का विस्तार हुआ है।
महोत्सव में आम्रपाली, लंगड़ा, दशहरी, केसर, चौसा, मल्लिका, राजापुरी, तोतापुरी सहित कई किस्मों के आम उपलब्ध होंगे। साथ ही जीआई टैग प्राप्त सुंदरजा आम और विशेष किस्म नूरजहाँ भी आकर्षण का केंद्र रहेंगी।
इस कार्यक्रम में महिला किसानों की भागीदारी को विशेष महत्व दिया गया है, क्योंकि वर्ष 2026 को अंतरराष्ट्रीय महिला किसान वर्ष के रूप में मनाया जा रहा है। आयोजन के माध्यम से स्वच्छता, मृदा व जल संरक्षण, बंजर भूमि के उपयोग और महिलाओं के सशक्तिकरण पर भी जोर दिया जाएगा।
महोत्सव का उद्देश्य केवल आम बिक्री नहीं, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करना, पलायन को रोकना और आदिवासी समुदायों को स्थायी आजीविका प्रदान करना भी है।






