मंडी में शुरू हो गई नए गेहूं की आवक, माल गीला होने से भाव 2200 से 2400 रु. क्विंटल
एवीएस न्यूज. .भोपाल
रबी सीजन की फसल नए गेहूं की आवक भोपाल सहित प्रदेश दूसरी कृषि उपज मंडियों में शुरू हो गई है। गेहूं आवक फिलहाल काफी कमजोर है तो वहीं माल गीला होने से किसानों को गेहूं का भाव क्वालिटीनुसार 2200 से 2400 रुपए क्विंटल मिल रहा है।
स्थानीय करोंद अनाज मंडी के गेहूं व्यापारी संजीव जैन के अनुसार नए गेहूं की आवक शुरू है। भोपाल मंडी में 300 से 400 बोरा और सीहोर मंडी में बुधवार को 2500 बोरा नए गेहूं का आमद हुई।
गेहूं व्यापारी संजीव जैन बताते हैं कि मंडी में मौजूदा भाव मिल क्वालिटी 2200 से 2400 रुपए,लोकवन 2400 से 2700 रुपए, 1544 वेराइटी गेहूं 2400 से 2450 रुपए प्रति क्विंटल के भाव हैं। उन्होंने कहा कि सरकार ने इस बार गेहूं का समर्थन मूल्य 2600 रुपए तय किया है। अगर मंडियों में गेहूं के भाव में मंदी रही तो किसानों के सर्वाधिक रूख उपार्जन केंद्रों की ओर होगा।
7 मार्च रजिस्ट्रेशन की अंतिम तारीख, अब तक 1 लाख 81 हजार 793 किसानों ने कराया पंजीयन
मध्य प्रदेश में गेहूं के उपार्जन के लिए रजिस्ट्रेशन जारी है। रबी मार्केटिंग ईयर 2026-27 में समर्थन मूल्य पर गेहूं उपार्जन के लिए अब तक 1 लाख 81 हजार 793 किसानों ने पंजीयन कराया है। पंजीयन की कार्यवाही 7 मार्च तक जारी रहेगी। राज्य सरकार ने किसानों से अपील की है कि निर्धारित समय में पंजीयन जरूर करा लें।
प्रदेशभर में 3186 पंजीयन केंद्र संचालित
खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने बताया कि किसान रजिस्ट्रेशन की व्यवस्था को सहज और आसान बनाया गया है. कुल 3186 पंजीयन केंद्र बनाए गए हैं। केंद्र सरकार द्वारा वर्ष 2026-27 के लिए गेहूं का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2585 रूपये प्रति क्विंटल घोषित किया गया है, जो गत वर्ष से 160 रुपये ज्यादा है। अभी तक इंदौर संभाग में 27 हजार 175, उज्जैन में 73 हजार 398, ग्वालियर में 3358, चम्बल में 1449, जबलपुर में 12 हजार 342, नर्मदापुरम में 11 हजार 698, भोपाल में 41 हजार 268, रीवा में 3242, शहडोल में 726 और सागर संभाग में 7137 किसानों ने पंजीयन कराया है।

