एवीएस न्यूूज. भोपाल
राजधानी के व्यावसायिक क्षेत्र में बढ़ती प्रतिपर्द्धा बीच मुनाफाखोरी का खेल खूब चल रहा है। ग्राहकों को लुभावने ऑफर के नाम पर गुमराह करने के साथ ठगा जा रहा है। राजधानी के एमपी नगर प्रेस कॉम्प्लेक्स स्थित विशाल मेगामार्ट में ऑफर के नाम ठगी और गुमराह का एक मामला सामने आया है।  
ग्राहक नितिन कुमार गुप्ता ने बताया कि विशाल मेगा मार्ट में बीते दिन परिवार के साथ खरीदारी के लिए गया। खरीदारी के दौरान उन्होंने देखा कि विभिन्न उत्पादों पर आकर्षक ऑफर प्रदर्शित किए गए है। इसी दौरान रुचि सोयाबीन तेल के एक पैकेट पर 121 रुपए में 1 लीटर का रेट लिखा हुआ दिखाई दिया। कीमत उचित लगने पर उन्होंने उत्पाद अपनी ट्रॉली में रख लिया। हालांकि संदेह होने पर जब उन्होंने पैकेट को ध्यान से देखा तो पाया कि वह 1 लीटर नहीं बल्कि 750 ग्राम का पैक था। स्टोर में कई स्थानों पर यही दर प्रदर्शित की गई थी, जिससे अन्य ग्राहक भी उसी भ्रम में उत्पाद खरीदते नजर आए।

 

स्टोर में 10 से 15 स्थानों पर  यही दर प्रदर्शित  
गुप्ता ने बताया कि इस संदर्भ में जब स्टाफ बुलाया तो  कर्मचारियों ने अनिच्छा दिखाई तो सुपरवाइजर को बुलाया गया। सुपरवाइजर ने इसे एक जगह की गलती बताया, लेकिन स्टोर में 10 से 15 स्थानों पर वही दर प्रदर्शित होने की बात सामने आई। मैनेजर से शिकायत करने पर भी मामले को गंभीरता से नहीं लिया गया। जब संबंधित तेल पैकेट की बिलिंग कराई गई तो बिल में उत्पाद का वजन स्पष्ट रूप से अंकित नहीं पाया गया। जिससे पारदर्शिता पर प्रश्न उठा ।

गुप्ता ने बताया कि घर पहुंचकर अन्य सामान की जांच करने पर एक डोर मैट पर प्रदर्शित ऑफर भी बिल में लागू नहीं पाया गया, जबकि दूसरी डोर मैट पर 30 प्रतिशत छूट का उल्लेख था।  उपभोक्ताओं का कहना है कि इस प्रकार के ऑफर यदि स्पष्ट और पारदर्शी नही होने से ग्राहक भ्रमित होने के साथ ठगी के भी शिकार हो रहे हैं। खरीदारी करते समय उत्पाद का वजन, मात्रा और बिल विवरण अवश्य जांचना चाहिए।