कार्यपालक निदेशक उपाध्याय ने किया इस 'स्टेट-ऑफ-द-आर्ट' सुविधा का उद्घाटन

एवीएस न्यूज, भोपाल। 
भेल भोपाल के इलेक्टि्रकल मशीन विभाग के एसएसएम प्रभाग द्वारा डिजिटलीकरण एवं उन्नत ग्राहक सेवा की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए, देश एवं विदेश के विभिन्न ग्राहकों को निर्मित और आपूर्ति की गई सभी आईएमएम एवं एलईएम मशीनों पर क्यूआर कोड आधारित परिचालन एवं अनुरक्षण निर्देशिका प्लेट का कार्यान्वयन किया गया है।
इस जानकारी को डिजिटलाइज्ड रूप में साझा करने की पहल का उद्घाटन गुरुवार को प्रदीप कुमार उपाध्याय, कार्यपालक निदेशक द्वारा किया गया। इस कार्यक्रम का नेतृत्व विद्युत मशीन के महाप्रबंधक विकास खरे ने किया। इस अवधारणा की परिकल्पना एसएसएम विभाग के विभागाध्यक्ष अपर महाप्रबंधक आरके माइकल द्वारा की गई। वेब पेज डिज़ाइन, कोडिंग, परीक्षण एवं क्यूआर कोड निर्माण का कार्य एसएसएम विभाग के प्रबंधकों विश्वजीत रंजन मिश्रा एवं प्रिय रंजन द्वारा किया गया। यह स्टेट-ऑफ-द-आर्ट पहल मशीन पर लगाए गए क्यूआर कोड को स्कैन करने पर मशीन-विशिष्ट ओएंडएम निर्देशिका तक तुरंत पहुंचा देता है। इससे भौतिक दस्तावेजों की आवश्यकता समाप्त हो जाती है तथा नवीनतम संशोधित निर्देशिका हर समय उपलब्ध रहती है। इससे रखरखाव एवं समस्या निवारण में लगने वाला समय काफी कम हो जाता है।