ऑल इंडिया ड्राइवर मोटर ट्रांसपोर्ट कमेटी का गठन
सारथियों के सम्मान और ट्रांसपोर्ट हितों की रक्षा का लिया संकल्प
एवीएस न्यूज.भोपाल
देशभर के मोटर मालिकों, ट्रांसपोर्टरों और वाहन चालकों (सारथियों) के हितों की रक्षा तथा उनके बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के उद्देश्य से ऑल इंडिया ड्राइवर मोटर ट्रांसपोर्ट कमेटी (एआईडीएमटीसी ) का गठन किया गया है। संगठन की पहली बैठक नागलवाड़ी स्थित गोपाल परिवार फाउंडेशन कार्यालय में अध्यक्ष प्रहलाद अग्रवाल के मार्गदर्शन में आयोजित हुई।

बैठक में संगठन के उद्देश्यों पर चर्चा करते हुए पदाधिकारियों ने कहा कि एआईडीएमटीसी का मुख्य लक्ष्य मोटर मालिकों और सारथियों के बीच मजबूत संबंध स्थापित करना, चालकों को उचित सम्मान दिलाना और उनके सुख-दुख में सहयोगी बनना है। संगठन का मुख्य ध्येय “सारथी को मान मिले, अभिमान मिले” रखा गया है।
बैठक में ट्रांसपोर्ट क्षेत्र से जुड़ी विभिन्न समस्याओं, सड़क सुरक्षा, वाहन चालकों की सुविधाओं और परिवहन व्यवसाय के हितों पर भी विचार-विमर्श किया गया। संगठन ने संकल्प लिया कि ट्रक मालिकों और परिवहन क्षेत्र से जुड़े लोगों की समस्याओं को प्रभावी तरीके से शासन-प्रशासन तक पहुंचाया जाएगा। कार्यक्रम में उपस्थित ट्रांसपोर्टरों ने राष्ट्रहित, सुरक्षित परिवहन व्यवस्था और वाहन चालकों के कल्याण से जुड़े सुझाव साझा किए।

इस अवसर पर कमांडो अरुण गौतम, गोपाल परिवार फाउंडेशन के अध्यक्ष प्रहलाद अग्रवाल, भाईचारा राजमार्ग परिवहन सेवा के अध्यक्ष नरेंद्र मिश्रा, नागपुर ट्रेलर यूनियन के शैलेंद्र मिश्रा, सतना से सुनील मिश्रा, शिवाजी वाहन चालक संगठन के दिनेश अग्रवाल, अनूप त्रिपाठी, रवि त्रिपाठी, सुधीर कापसे, राम मताडे, नागोराव बाघ, वीरेंद्र मोर, डॉ. सरोज पाटिल, ओमप्रकाश मिश्रा, मयूर अग्रवाल, निजाम शेख, एस.बी. मिश्रा, किताब सिंह चौधरी, रजनीश दुबे और चंदन पावर सहित बड़ी संख्या में ट्रांसपोर्टर मौजूद रहे। बैठक में सभी सदस्यों ने परिवहन क्षेत्र को मजबूत बनाने और सारथियों के सम्मान व अधिकारों के लिए एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लिया।






