भोपाल। द इंस्टिट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया (आईसीएआई) की सेंट्रल इंडिया रीजनल काउंसिल (सीआईआरसी) की भोपाल शाखा का बहुप्रतीक्षित दो दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन ‘नवदृष्टि: एक्सप्लोरिंग न्यू होराइजन्स टुगेदर’ का आयोजन 23 एवं 24 अगस्त को कोर्टयार्ड बाय मैरियट डीबी सिटी मॉल में किया जाएगा। 
कार्यक्रम के संयोजक और आईसीएआई भोपाल शाखा के अध्यक्ष सीए अर्पित राय ने बताया कि यह महत्वपूर्ण व्यावसायिक आयोजन आईसीएआई की कंटिन्यूइंग प्रोफेशनल एजुकेशन (सीपीई) समिति के तत्वावधान में किया जा रहा है तथा इसमें भाग लेने वाले प्रतिनिधियों को 12 सीपीई घंटे प्रदान किए जाएंगे। शनिवार को तकनीकी सत्र 1 में आयकर कानून में हाल के न्यायिक निर्णय पर चर्चा की जाएगी जिसमें वक्ता दिल्ली के कपिल गोयल रहेंगे। इस सम्मेलन का उद्देश्य चार्टर्ड अकाउंटेंट्स एवं वित्तीय पेशेवरों को नवीनतम रुझानों, न्यायिक निर्णयों, कर नौतियों, डिजिटल नवाचारों और उभरते वैश्विक अवसरों पर चर्चा करने के लिए एक समय मंच उपलब्ध कराना है। सुव्यवस्थित तकनीकी सत्रों और विशेषज्ञों द्वारा संचालिल संवाद के माध्यम से यह सम्मेलन प्रतिभागियों को ऐसे उपयोगी दृष्टिकोण प्रदान करेगा जो उनके पेशेवर कौशल को सुदृढ़ करेंगे और उनके दृष्टिकोण को व्यापक बनाएंगे। ‘नवदृष्टि - एक्सप्लोरिंग न्यू होराइजन्स टुगेदर’ केवल एक तकनीकी आयोजन नहीं है, बल्कि इसे सीखने, नेटवर्किंग और सहयोग के संगम के रूप में डिजाइन किया गया है, जो प्रतिभागियों को प्रतिष्ठित विचारशील नेताओं के साथ ज्ञान और विचारों का आदान-प्रदान करने का अवसर प्रदान करेगा।