योग शरीर और दिमाग दोनों को स्वस्थ रखने में सहायक होता है - कलेक्टर राखी सहाय
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जैव विविधता केंद्र ताला में सामूहिक योग कार्यक्रम संपन्न
एवीएस न्यूज.उमरिया / भोपाल
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व अंतर्गत जैव विविधता केंद्र ताला में भव्य सामूहिक योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कलेक्टर श्रीमती राखी सहाय के मुख्य आतिथ्य में अधिकारियों, कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों, स्कूली विद्यार्थियों तथा स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास किया। कार्यक्रम का उद्देश्य आमजन को योग के प्रति जागरूक करना तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना था।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कलेक्टर श्रीमती राखी सहाय ने कहा कि योग भारत की प्राचीन सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक धरोहर है, जिसने आज पूरे विश्व में अपनी विशेष पहचान बनाई है। योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि शरीर, मन और आत्मा के बीच संतुलन स्थापित करने का एक प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि योग के नियमित अभ्यास से व्यक्ति शारीरिक रूप से स्वस्थ, मानसिक रूप से संतुलित तथा भावनात्मक रूप से सशक्त बनता है।
कलेक्टर श्रीमती सहाय ने कहा कि आज की व्यस्त एवं तनावपूर्ण जीवनशैली में योग का महत्व और भी अधिक बढ़ गया है। योग में अपनाई जाने वाली विभिन्न गतिविधियां, आसन एवं प्राणायाम शरीर को लचीला एवं मजबूत बनाने के साथ-साथ मानसिक तनाव को कम करने में भी सहायक होते हैं। योग के माध्यम से व्यक्ति सकारात्मक ऊर्जा प्राप्त करता है तथा उसका आत्मविश्वास भी बढ़ता है।
उन्होंने सभी उपस्थित लोगों से प्रतिदिन योग करने का संकल्प लेने का आग्रह करते हुए कहा कि सुबह की ताजी हवा लाखों रुपये की दवा के समान होती है और नियमित योगाभ्यास से अनेक बीमारियों से स्वतः ही मुक्ति मिल सकती है।
कलेक्टर श्रीमती राखी सहाय ने नागरिकों से कहा कि समान नागरिक संहिता (यूसीसी) के अंतर्गत विवाह, विवाह-विच्छेद (तलाक), भरण-पोषण, उत्तराधिकार, दत्तक ग्रहण तथा लिव-इन रिलेशनशिप सहित विभिन्न सामाजिक एवं पारिवारिक विषयों पर पड़ने वाले संभावित प्रभावों का विस्तृत अध्ययन किया जा रहा है। समान नागरिक संहिता जैसे महत्वपूर्ण विषय पर जनसामान्य के सुझाव अत्यंत महत्वपूर्ण हैं।
उन्होंने नागरिकों से अपील की है कि वे अपने सुझाव निर्धारित समय सीमा के भीतर ऑनलाइन पोर्टल पर दर्ज कराएं। इच्छुक नागरिक अपने सुझाव 22 जून 2026 तक ऑनलाइन प्रस्तुत कर सकते हैं।
इस अवसर पर कोलकाता से आयोजित प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम का सीधा प्रसारण भी जैव विविधता केंद्र ताला में देखा एवं सुना गया। उपस्थित लोगों ने प्रधानमंत्री के संबोधन को ध्यानपूर्वक सुना तथा उनके द्वारा दिए गए संदेशों से प्रेरणा प्राप्त की।
प्रधानमंत्री ने योग को मानवता के कल्याण का माध्यम बताते हुए इसे दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
योग कार्यक्रम में क्षेत्र संचालक बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व श्री अनुपम सहाय, एसडीएम मानपुर सुश्री हरनीत कौर कलसी, ग्राम पंचायत ताला की सरपंच श्रीमती सहिला बानो, योग प्रशिक्षक, स्कूली छात्र-छात्राएं तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान प्रशिक्षकों द्वारा विभिन्न योगासनों एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया गया। सभी प्रतिभागियों ने पूरे उत्साह एवं अनुशासन के साथ योगाभ्यास किया। कार्यक्रम का सफल संचालन श्री सुशील मिश्रा द्वारा किया गया।






