पीएम मोदी की नसीहत के बाद भी सोने में 8100 और चांदी में 11900 रुपए की आई तेजी
1 मई 2026 से अब तक सोने-चांदी में बड़ा उछाल, ग्राहकी पर पड़ा असर
एवीएस न्यूज .भोपाल
मई 2026 की शुरुआत से लेकर अब तक सोने और चांदी की कीमतों में जबरदस्त उतार-चढ़ाव देखने को मिला है। लगातार बढ़ते दामों ने आम ग्राहकों की जेब पर सीधा असर डाला है, इस बीच दोनों बहुमूल्य धातुओं के बढ़ते भाव को रोकने में पीएम मोदी की भी नसीहत काम नहीं आई। उलटा 10 मई को पीएम मोदी में सालभर सोना चांदी नहीं खरीदने की दी गई नसीहत के बाद अब तक सोने में 8100 रुपए प्रति 10 ग्राम और 11900 रुपए प्रति किलों का उछाल दर्ज हुआ। दोनों ही बहुमूल्य धातुओं के भाव में आई तेजी से सर्राफा बाजार में ग्राहकी कमजोर पड़ गई है। कारोबारियों का कहना है कि शादी-ब्याह के सीजन में भी खरीदारी उम्मीद से काफी कम रही।
स्थानीय सराफा व्यापारी नवनीत अग्रवाल के अनुसार शुरू मई माह 2026 में सोना करीब 155200 रुपए प्रति दस ग्राम था तो चांदी 254000 रुपए किलो थी, जो बढ़कर गुरूवार को स्थानीय सराफा बाजार में क्रमश: 163600 रुपए प्रति दस ग्राम और 273600 रुपए किलो ग्राम पहुंच गया। अत: शुरू मई माह से अब तक सोने में 8400 रुपए और चांदी 19600 रुपए की तेजी दर्ज हुई। जबकि पीएम मोदी की नसीहत के बाद से अब तक सोना 8100 रुपए महंगा हुआ तो चांदी 11900 रुपए प्रति किलो महंगी हुई।

बाजार जानकार नवनीत अग्रवाल के अनुसार अंतरराष्ट्रीय बाजार में अस्थिरता, अमेरिकी फेडरल रिजर्व की ब्याज दरों को लेकर अटकलें और निवेशकों की सुरक्षित निवेश की ओर बढ़ती रुचि ने सोने-चांदी के दामों को प्रभावित किया है। उन्होंने कहा कि लगातार महंगे होते गहनों ने ग्राहकों की खरीदारी घटा दी है।
दुकानदारों का कहना है कि लोग अब हल्के वजन के आभूषण खरीद रहे हैं या खरीदारी टाल रहे हैं। खासकर मध्यम वर्गीय परिवारों में इसका असर ज्यादा देखने को मिल रहा है। विशेषज्ञों का मानना है कि आने वाले दिनों में भी वैश्विक संकेतों के आधार पर सोने-चांदी के दामों में उतार-चढ़ाव जारी रह सकता है।

