भोपाल । सहकारिता, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री   विश्वास कैलाश सारंग ने कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह द्वारा कांवड़ यात्रा पर सोशल मीडिया पर किए गए विवादित पोस्ट को लेकर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने दिग्विजय सिंह को मौलाना दिग्विजय बताते हुए कहा कि वे लगातार हिंदू धर्म, साधु-संतों एवं सनातन संस्कृति के खिलाफ बयानबाजी करते रहे हैं और अब पवित्र कांवड़ यात्रा को भी विवादास्पद बनाने का प्रयास कर रहे हैं। मंत्री सारंग ने कहा कि भारतवर्ष में लाखों श्रद्धालु सावन माह में कांवड़ यात्रा निकालते हैं, यह आस्था और श्रद्धा का पर्व है। इसे बदनाम करना केवल सनातन विरोध नहीं, बल्कि करोड़ों हिंदुओं की भावनाओं का अपमान है।
दिग्विजय सिंह का इतिहास सनातन विरोधी
मंत्री  सारंग ने कहा कि दिग्विजय सिंह का इतिहास रहा है कि वे हमेशा सनातन संस्कृति का विरोध करते हैं। वे जाकिर नायक जैसे कट्टरपंथी का महिमामंडन करते हैं, आतंकियों को संरक्षण देने की वकालत करते हैं, सेना के शौर्य पर सवाल उठाते हैं, और पाकिस्तान के समर्थन में बयान देते हैं। उन्होंने कहा कि दिग्विजय सिंह ने भगवा आतंकवाद जैसा अपमानजनक शब्द गढ़कर संपूर्ण हिंदू समाज को बदनाम करने का प्रयास किया है।
सनातन धर्म का अपमान बर्दाश्त नहीं किया जाएगा
मंत्री सारंग ने कहा कि यह कोई पहली बार नहीं है जब दिग्विजय सिंह ने सनातन धर्म की परंपराओं और त्योहारों को नीचा दिखाने की कोशिश की है। वे हिंदू विरोधी मानसिकता से प्रेरित होकर तुष्टिकरण की राजनीति को ही अपनी नीति बना चुके हैं। मंत्री  सारंग ने आगे कहा कि हिंदू धर्म और उसके पर्वों का अपमान अब और सहन नहीं किया जाएगा। यदि दिग्विजय सिंह में थोड़ी भी नैतिकता बची है, तो उन्हें इसके लिए देश से माफी मांगनी चाहिए।