सैंडविच में कीड़ा: खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई, ‘शर्मा विष्णु रेस्टोरेंट’ सहित कई प्रतिष्ठानों से सैंपल जब्त
एवीएस न्यूज. भोपाल
राजधानी भोपाल में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और जनस्वास्थ्य सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए खाद्य सुरक्षा प्रशासन द्वारा व्यापक अभियान चलाया गया। इस अभियान के तहत कई नामचीन रेस्टोरेंट और स्वीट्स दुकानों का औचक निरीक्षण किया गया तथा खाद्य पदार्थों के सैंपल जब्त किए गए।

सबसे बड़ी कार्रवाई प्लैटिनम प्लाजा स्थित ‘शर्मा विष्णु रेस्टोरेंट’ पर की गई, जहां एक उपभोक्ता की शिकायत के आधार पर सैंडविच में कीड़ा पाए जाने का मामला सामने आया था।
शिकायत के साथ तस्वीर, वीडियो और बिल जैसे साक्ष्य भी प्रस्तुत किए गए थे। इसके बाद विभाग की टीम ने रेस्टोरेंट से सैंडविच और मैदा के नमूने एकत्र किए और उन्हें जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल भेज दिया है।
निरीक्षण के दौरान यह भी पाया गया कि रेस्टोरेंट में पेस्ट कंट्रोल और स्वच्छता व्यवस्था मानकों के अनुरूप नहीं थी, जिस पर संचालक को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। साथ ही सुधार के सख्त निर्देश दिए गए हैं।
इस कार्रवाई में खाद्य सुरक्षा अधिकारी अरुनेश पटेल, पंकज श्रीवास्तव, भोजराज सिंह धाकड़ और साधना सक्सेना शामिल रहे।
इसी अभियान के तहत शहर के अन्य प्रतिष्ठानों पर भी जांच की गई, जिनमें न्यू मार्केट स्थित ताप्ती रेस्टोरेंट, ईदगाह हिल्स का सागर गहरे आउटलेट और 11 नंबर बस स्टॉप स्थित गोकुल स्वीट्स शामिल हैं। टीमों ने इन स्थानों पर खाद्य सामग्री के रखरखाव, स्वच्छता और गुणवत्ता मानकों का निरीक्षण किया।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि प्रयोगशाला रिपोर्ट आने के बाद नियमों के अनुसार दोषी पाए जाने वाले प्रतिष्ठानों पर सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने कहा कि जनस्वास्थ्य से जुड़ी किसी भी लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।






