पीएम मोदी से मिले अमेजन के सीईओ एंडी जेसी: 2030 तक भारत में 48 बिलियन डॉलर के निवेश का किया ऐलान
एवीएस न्यूज. नई दिल्ली
अमेजन के सीईओ अमेजन एंडी जेसी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की. इस दौरान जेसी ने भारत के प्रति कंपनी की प्रतिबद्धता दोहराई. जेसी ने देश में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और क्लाउड इंफ्रास्ट्रक्चर के विस्तार के लिए 2030 तक अतिरिक्त 13 अरब डॉलर निवेश का ऐलान भी किया.
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एंडी ने पीएम मोदी से मुलाकात की तस्वीर पोस्ट करते हुए लिखा, "प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ अमेजन के भारत में भविष्य की योजनाओं को लेकर हुई मुलाकात बेहद अच्छी रही. हम एक दशक से अधिक समय से भारत में ग्राहकों, विक्रेताओं, डेवलपर्स, स्टार्टअप्स और उद्योगों को सेवाएं दे रहे हैं और अभी हमारी यात्रा की शुरुआत ही हुई है."
38 लाख नौकरियां और 80 अरब डॉलर ई-कॉमर्स निर्यात का लक्ष्य
जेसी के मुताबिक, "2030 तक हमारी योजना 38 लाख नौकरियां उपलब्ध कराने, 80 अरब डॉलर के ई-कॉमर्स निर्यात को सक्षम बनाने और 1.5 करोड़ छोटे व्यवसायों तथा 40 लाख सरकारी स्कूल छात्रों तक एआई के लाभ पहुंचाने की है. आने वाले समय को लेकर उत्साहित हूं. भारत में हम जो कुछ बना सकते हैं, उसके लिए अभी बहुत कुछ करना बाकी है."
अमेजन की आधिकारिक साइट पर दी गई जानकारी के अनुसार, इस नए निवेश के साथ 2026 से 2030 के बीच भारत में एआई और क्लाउड इंफ्रास्ट्रक्चर को बढ़ाने के लिए अमेजन का कुल नियोजित निवेश 21 अरब डॉलर से अधिक हो जाएगा.
कंपनी के अनुसार, यह भारत में एआई और क्लाउड क्षेत्र में सबसे बड़े वैश्विक निवेशों में से एक होगा. उन्होंने आगे कहा, "मैंने उनसे आगामी योजना पर बात की. बताया कि अमेजन आने वाले पांच वर्षों में भारत में 48 अरब डॉलर का निवेश कर रहा है, जिसमें 21 अरब डॉलर से अधिक निवेश एआई और क्लाउड इंफ्रास्ट्रक्चर के क्षेत्र में किया जाएगा."
अमेजन वेब सर्विसेज के डेटा सेंटर नेटवर्क को मुंबई और हैदराबाद में विस्तार दिया जाएगा. इससे स्टार्टअप, बड़े उद्योग और सरकारी संस्थानों को एआई चिप्स, प्रबंधित एआई सेवाओं, सुरक्षित क्लाउड तकनीक और डेवलपर टूल्स तक बेहतर पहुंच मिलेगी.
कंपनी ने बताया कि 2010 से 2030 तक भारत में उसका कुल निवेश 88 अरब डॉलर से अधिक हो जाएगा. इसके अलावा अमेजन अपने ई-कॉमर्स और क्विक कॉमर्स नेटवर्क को मजबूत करने के लिए भी निवेश जारी रखेगा.






