एवीएस न्यूज.सूरत  


देश की प्रमुख बिल्डिंग मटेरियल कंपनी न्युवोको विस्टास कॉर्प. लिमिटेड ने गुजरात के सूरत स्थित लिमला सीमेंट प्लांट (एलसीपी) का संचालन शुरू कर दिया है। इस प्लांट के साथ कंपनी ने गुजरात में अपनी औपचारिक एंट्री करते हुए पश्चिम भारत में अपने कारोबार के विस्तार की दिशा में अहम कदम बढ़ाया है।

लिमला प्लांट, वदराज सीमेंट लिमिटेड की प्रमुख इकाइयों में शामिल है, जिसका अधिग्रहण न्युवोको विस्टास ने जून 2025 में कॉर्पोरेट इनसॉल्वेंसी रेजॉल्यूशन प्रोसेस  के तहत करीब 1,800 करोड़ रुपये में किया था। अधिग्रहण के बाद कंपनी ने कच्छ स्थित क्लिंकर यूनिट और सूरत के लिमला ग्राइंडिंग प्लांट का आधुनिकीकरण और पुनर्संचालन किया।

कंपनी के अनुसार, लिमला प्लांट में 20 लाख टन प्रति वर्ष (2 एमटीपीए) ग्राइंडिंग क्षमता शुरू हो गई है। वदराज सीमेंट की सभी इकाइयों के पूरी तरह चालू होने के बाद न्युवोको की कुल सीमेंट उत्पादन क्षमता का लगभग 40 प्रतिशत हिस्सा उत्तर और पश्चिम भारत के प्लांट्स से आएगा। कंपनी ने वित्त वर्ष 2027-28 तक अपनी कुल उत्पादन क्षमता 3.5 करोड़ टन प्रति वर्ष तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा है।


नए प्लांट के शुरू होने से गुजरात और पश्चिमी महाराष्ट्र के बाजारों में कंपनी की पहुंच मजबूत होगी। साथ ही राजस्थान के निम्बोल और चित्तौडग़ढ़ स्थित मौजूदा संयंत्रों के साथ बेहतर तालमेल बनने से उत्पादों की आपूर्ति और वितरण व्यवस्था भी अधिक प्रभावी होगी। लिमला प्लांट में ऑर्डिनरी पोर्टलैंड सीमेंट, पोर्टलैंड स्लैग सीमेंट, पोर्टलैंड पोज़ोलाना सीमेंट और पोर्टलैंड कंपोजिट सीमेंट सहित कंपनी की पूरी सीमेंट रेंज का उत्पादन किया जाएगा।

इसके अलावा ग्राहकों को न्युवोको ड्यूरागार्ड श्रृंखला के प्रीमियम उत्पाद भी उपलब्ध होंगे। न्युवोको विस्टास कॉर्प. लिमिटेड के मैनेजिंग डायरेक्टर जयकुमार कृष्णास्वामी ने कहा कि सूरत के लिमला ग्राइंडिंग यूनिट का शुभारंभ कंपनी के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

उन्होंने कहा कि गुजरात तेजी से विकसित हो रहा बाजार है और इस प्लांट के जरिए कंपनी उत्तर एवं पश्चिम भारत के ग्राहकों तक अपने उत्पाद पहले से अधिक तेज़ी और बेहतर तरीके से पहुंचा सकेगी।