भारत बिल्डकॉन 2026में भारतीय निर्माण उद्योग की ताकत का वैश्विक प्रदर्शन
मांडविया ने कहा-निर्यात और नवाचार के नए अवसर
एवीएस न्यूज..नई दिल्ली
भारत के निर्माण, बिल्डिंग मटेरियल्स और इंफ्रास्ट्रक्चर क्षेत्र की प्रमुख प्रदर्शनी भारत बिल्डकॉन 2026 ने उद्योग जगत का ध्यान आकर्षित किया है। यशोभूमि कन्वेंशन सेंटर में आयोजित इस तीन दिवसीय आयोजन के दौरान केंद्रीय श्रम एवं रोजगार तथा युवा मामले एवं खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने प्रदर्शनी का दौरा किया और इसे अत्यंत सफल और प्रभावशाली मंच बताया।
मांडविया ने कहा कि इस वर्ष प्रदर्शनी में पहले दो दिनों में ही पिछले संस्करण की कुल उपस्थिति से अधिक आगंतुक पहुंचे हैं, जो भारत के निर्माण क्षेत्र की बढ़ती ताकत और वैश्विक आकर्षण को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि यह भारतीय निर्माताओं के लिए घरेलू और अंतरराष्ट्रीय बाजारों में विशाल अवसरों का संकेत है।
इस आयोजन में 90 से अधिक देशों के खरीदार और भारत के 100 से अधिक शहरों से आए आर्किटेक्ट्स, बिल्डर्स, डेवलपर्स और उद्योग विशेषज्ञ शामिल हुए। सिरेमिक, स्टील, सीमेंट, हार्डवेयर, फर्नीचर, बाथवेयर और अन्य 24 प्रमुख श्रेणियों के उत्पादों का प्रदर्शन किया गया। भारत बिल्डकॉन के निदेशक विशाल आचार्य ने कहा कि विदेशी खरीदारों की बढ़ती भागीदारी भारत की विनिर्माण क्षमता में वैश्विक विश्वास को दर्शाती है, जबकि जितेंद्र कथीरिया ने इसे पूरे देश के लिए एक एकीकृत व्यापार मंच बताया।
कैपेक्सिल के चेयरमैन निलेश जेतपरिया ने इसे मेक इन इंडिया और आत्मनिर्भर भारत के विजन को मजबूत करने वाला आयोजन बताया। आयोजकों के अनुसार, यह प्रदर्शनी भारत को वैश्विक स्तर पर बिल्डिंग मटेरियल्स और निर्माण उत्पादों के सोर्सिंग हब के रूप में स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। भारत बिल्डकॉन 2026 का समापन आज जून को होगा।
भारत बिल्डकॉन के निदेशक विजय अघारा ने कहा, "भारत बिल्डकॉन को मिले अभूतपूर्व प्रतिसाद ने यह साबित कर दिया है कि उद्योग को एक एकीकृत राष्ट्रीय मंच की आवश्यकता थी। यहां आयोजित बिजनेस मीटिंग्स, खरीदार-विक्रेता संवाद और नेटवर्किंग के अवसर प्रदर्शकों के लिए दीर्घकालिक व्यावसायिक लाभ का आधार बनेंगे और भारत के निर्माण तथा बिल्डिंग मटेरियल्स उद्योग के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देंगे।
भारत का बिल्डिंग मटेरियल्स और निर्माण क्षेत्र देश की आर्थिक विकास गाथा का एक महत्वपूर्ण स्तंभ बना हुआ है। निर्माण उद्योग जीडीपी में उल्लेखनीय योगदान देता है, करोड़ों लोगों को रोजगार उपलब्ध कराता है और बुनियादी ढांचे के विकास, शहरीकरण तथा औद्योगिक विस्तार का प्रमुख चालक है। आवास, परिवहन, स्मार्ट सिटीज़ और औद्योगिक कॉरिडोर्स में बड़े पैमाने पर हो रहे निवेश के चलते आने वाले वर्षों में बिल्डिंग मटेरियल्स की मांग में निरंतर वृद्धि की उम्मीद है।
21 जून, 2026 तक चलने वाला भारत बिल्डकॉन 2026 दुनिया भर के अग्रणी निर्माताओं, निर्यातकों, खरीदारों और निर्णयकर्ताओं को एक साथ ला रहा है तथा व्यापार वृद्धि, तकनीकी आदान-प्रदान और अंतरराष्ट्रीय सहयोग के लिए एक सशक्त मंच प्रदान कर रहा है। यह प्रदर्शनी न केवल भारत की विनिर्माण उत्कृष्टता को प्रदर्शित कर रही है, बल्कि बिल्डिंग मटेरियल्स और कंस्ट्रक्शन उद्योग में वैश्विक नेतृत्व हासिल करने की भारत की महत्वाकांक्षा को भी मजबूती प्रदान कर रही है।






