- व्यापारी बोले जब तक सरकारी गेहूं की खरीदी पर कुछ बचत नहीं होगी तब तक दिलचस्पी बढ़ने में संदेह 
 -  करोंद गल्ला मंडी में मालवा शक्ति 2350 से 2550 रुपए और एफसीआई का गेहूं बिक्री भाव 2550 रुपए क्विंटल 


एवीएस न्यूज.भोपाल
भारतीय खाद्य निगम (एफसीआई) द्वारा खुले बाजार बिक्री योजना (ओएमएसएस) के तहत अपने स्टॉक से मिलर्स- प्रोसेसर्स को गेहूं बेचने के लिए साप्ताहिक ई-नीलामी की प्रक्रिया आरंभ कर दी गई है, लेकिन इसमें खरीदारों की दिलचस्पी कम देखी जा रही है। क्योंकि मध्यप्रदेश में एफसीआई के ओपन बाजार भाव 2550 रुपए है तो भोपाल सहित मध्यप्रदेश की कृषि उपज मंडियों में मालवा शक्ति के भाव 2350 से 2550 रुपए प्रति क्विंटल क्वालिटीनुसार है।  


 

भोपाल ग्रेन मर्चेन्ट एंड ऑयल सीड्स एसोसिएशन के अध्यक्ष हरीश ज्ञानचंदानी और प्रवक्ता संजीव जैन ने बताया कि भारतीय खाद्य निगम ने 12 नवंबर को पहली नीलामी आयोजित की थी जिसे में 2 लाख टन गेहूं की बिक्री का ऑफर दिया गया था मगर इसमें से केवल करीब 73 हजार टन या 36 प्रतिशत की बिक्री ही संभव हो सकी। वजह  सरकारी गेहूं के दाम ज्यादा आकर्षक नहीं है। इसका न्यूनतम या आधारभूत आरक्षित मूल्य (रिजर्व प्राइस) 2550 रुपए प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है जबकि परिवहन खर्च इससे अलग है। खुले बाजार में भी गेहूं इसे कम मूल्य और लगभग इसी मूल्य स्तर पर उपलब्ध है और थोक मंडियों में आपूर्ति एवं उपलब्धता की स्थिति सुगम बनी हुई है। 


 एसोसिएशन के प्रवक्ता संजीव जैन ने कहाकि सरकारी गेहूं का दाम खुले बाजार भाव की तुलना में कम से कम 3 से 5 प्रतिशत तक नीचे होना चाहिए , तभी खरीदार इसमें दिलचस्पी दिखा सकते हैं।  खरीदारों को अग्रिम भुगतान, परिवहन खर्च, दस्तावेज और अन्य खर्चों का भार उठाना पड़ता है जबकि खुले बाजार से गेहूं की खरीद में ज्यादा जटिलता नहीं होती है। जब तक मिलर्स-प्रोसेसर्स को सरकारी गेहूं की खरीद पर कुछ बचत नहीं होगी तब तक उसकी दिलचस्पी बढ़ने में संदेह है।  फिलहाल पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, दिल्ली तथा जम्मू कश्मीर के मिलर्स सरकारी गेहूं की खरीद में रूचि दिखा रहे हैं। जबकि मध्यप्रदेश सहित अन्य दूरस्थ राज्यों के मिलर्स के साथ समस्या है। सरकार को या तो आरक्षित मूल्य घटाना होगा या फिर परिवहन खर्च को इसमें शामिल करना होगा।

 भोपाल  मंडी में गेहूं के थोक भाव पर एक नजर प्रति क्विंटल में 
मालवा शक्ति गेहूं    2350 से 2550 रुपए 
मिल क्वालिटी गेहूं     2450 से 2525 रुपए 
1544 गेहूं        2550 से 2750 रुपए
लोकवन गेहूं     2600  से 2800 रुपए 
शरबती गेहूं     3000 से 3500 रुपए 
गेहूं की आवक- मंडी प्रांगण में 1500 बोरे की