एवीएस न्यूज. मुंबई 
ज़ी टीवी के लोकप्रिय फिक्शन शो ‘गंगा माई की बेटियां’, जिसमें शीज़ान खान (सिद्धू) और अमनदीप सिद्धू (स्नेहा) मुख्य भूमिकाओं में नजर आ रहे हैं, ने एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। साल 2026 के वीक 22 में 2.0 टीवीआर के साथ यह शो हिंदी जीईसी श्रेणी में नंबर 1 शो बनकर उभरा है।

इस शानदार उपलब्धि के पीछे हालिया ट्रैक की भी बड़ी भूमिका रही, जिसमें सिद्धू और स्नेहा की जिंदगी अलग-अलग शादियों की ओर बढ़ती नजर आई। इस मोड़ ने दर्शकों का दिल तोड़ दिया। लेकिन अपने पसंदीदा जोड़े को अलग होते देखने के लिए तैयार न होने वाले फैंस ने सोशल मीडिया पर #ब्रिंग स्नेधू टुगेदर ट्रेंड शुरू कर दिया और सिद्धू और स्नेहा को एक करने की जोरदार मांग की।

आखिरकार दर्शकों का यह प्यार रंग लाया और सिद्धू और स्नेहा शादी के बंधन में बंध गए। इस जज़्बाती ट्रैक ने दर्शकों के दिलों को गहराई से छुआ और शो को टीआरपी चार्ट्स में शीर्ष तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।

टेलीविजन का नंबर 1 शो बनने की इस बड़ी उपलब्धि पर अमनदीप सिद्धू और शीज़ान खान ने उन दर्शकों का दिल से शुक्रिया अदा किया, जिनके अटूट प्यार और समर्थन ने इस मुकाम को हासिल करने में अहम योगदान दिया।

सिद्धू का किरदार निभा रहे शीज़ान खान ने कहा, “हर टेलीविजन एक्टर का सपना होता है कि एक दिन उसका शो नंबर 1 बने और आज हमारा यह सपना सच हो गया है। हमने हमेशा रेटिंग्स की परवाह किए बिना अपना 100 प्रतिशत दिया है, लेकिन यह उपलब्धि हमारी मेहनत का खूबसूरत इनाम लगती है। मैं हमारे दर्शकों का दिल से शुक्रिया अदा करता हूं, जिन्होंने हमें लगातार प्यार और समर्थन दिया। मैं उम्मीद करता हूं कि ‘गंगा माई की बेटियां’ को आगे भी ऐसा ही प्यार मिलता रहे और यह शो हम सभी को गर्व महसूस कराता रहे।”

स्नेहा का किरदार निभा रहीं अमनदीप सिद्धू ने कहा, “मुझे कई शोज़ में मुख्य भूमिका निभाने का मौका मिला है, लेकिन यह पहली बार है जब मेरे लीड शो ने नंबर 1 की जगह हासिल की है और यह एहसास सच में बेहद खास है। पहले दिन से ही हमारी पूरी कास्ट और क्रू ने पूरी मेहनत और लगन के साथ काम किया है, चाहे नंबर कुछ भी रहे हों। लेकिन यह जानना कि ‘गंगा माई की बेटियां’ देश का नंबर 1 शो बन गया है, एक अलग ही खुशी और उत्साह देता है। मैं दर्शकों का दिल से धन्यवाद करती हूं और उम्मीद करती हूं कि आने वाले हफ्तों और महीनों में भी वे हमें इसी तरह अपना प्यार और समर्थन देते रहेंगे।”

अब जब ‘गंगा माई की बेटियां’ हिंदी जीईसी में नंबर 1 शो बन गया है, तो सभी की नजरें शादी के बाद सिद्धू और स्नेहा के रिश्ते पर टिकी हैं। जहां सिद्धू अपने रिश्ते को संभालने और स्नेहा का भरोसा फिर से जीतने की कोशिश कर रहा है, वहीं बीते दिनों के जख्म अभी पूरी तरह भरे नहीं हैं। ऐसे में आने वाले एपिसोड्स में दर्शकों को जज़्बातों से भरे कई उतार-चढ़ाव, दिल छू लेने वाले पल और भरपूर ड्रामा देखने को मिलेगा, जो उन्हें स्क्रीन से बांधे रखेगा।
‘गंगा माई की बेटियां’ देखिए रोज रात 9 बजे, सिर्फ ज़ी टीवी पर!