ऐबू निफ्टू का प्रतिनिधिमंडल ने भेल के अधिकारियों को बताई समस्या

एवीएस न्यूज, भोपाल। 


बीएचईएल भोपाल की सेटेलाइट कॉलोनियों को जोड़ने वाली खजूरी कला रोड पर बने अत्यधिक ऊंचाई वाले एवं बिना संकेतक के स्पीड ब्रेकरों को लेकर प्रतिनिधि यूनियन एेबू निफ्टू का प्रतिनिधिमंडल बुधवार को भेल के जीएम (एचआर) टीयू सिंह एवं एजीएम (एचआर-आईआर) सुरेखा बंछौर से मिला और कर्मचारियों की सुरक्षा से जुड़ी गंभीर समस्या से अवगत कराया।
यूनियन पदाधिकारियों ने बताया कि इससे पूर्व 19 मई को नगर प्रशासन के अपर महाप्रबंधक प्रशांत पाठक से भी इस संबंध में चर्चा की जा चुकी है। साथ ही एेबू निफ्टू के पदाधिकारियों द्वारा स्वयं मौके पर पहुंचकर स्पीड ब्रेकरों का निरीक्षण भी किया। प्रतिनिधिमंडल में यूनियन अध्यक्ष सतेन्द्र कुमार, कार्यवाहक अध्यक्ष आशीष सोनी, कोषाध्यक्ष विशाल वाणी, चिकित्सा सलाहकार समिति सदस्य रमेश कुराड़िया एवं नगर सलाहकार समिति सदस्य रामानंदन सिंह शामिल रहे।


रात के समय दुर्घटना की आशंका 
यूनियन के पदािधकारियों ने बताया कि मेट्रो परियोजना से जुड़ी निर्माण एजेंसी द्वारा खजूरी कला रोड पर कई स्थानों पर अत्यधिक ऊंचाई वाले स्पीड ब्रेकर बना दिए गए हैं, जो निर्धारित इंजीनियरिंग मानकों एवं आईआरसी गाइडलाइंस के अनुरूप नहीं हैं। इन स्पीड ब्रेकरों पर किसी प्रकार के रिफ्लेक्टिव पेंट या चेतावनी संकेतक नहीं लगाए गए हैं, जिससे विशेष रूप से रात के समय दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।


स्पीड ब्रेकरों को निर्धारित मानकों के अनुरूप बनाने की मांग
ऐबू निफ्टू ने प्रबंधन एवं संबंधित अधिकारियों से मांग की है कि कर्मचारियों एवं आम नागरिकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इन स्पीड ब्रेकरों को निर्धारित मानकों के अनुसार सुधारा जाए तथा आवश्यक स्थानों पर रिफ्लेक्टिव पेंट एवं चेतावनी बोर्ड लगाए जाएं। यूनियन ने कहा कि वह सदैव कर्मचारियों के हित एवं सुरक्षा के मुद्दों को गंभीरता से उठाती रही है और आगे भी कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान हेतु निरंतर प्रयासरत रहेगी।