ऐबू–निफ्टू के पदाधिकारियों ने भेंट कर की चर्चा
एवीएस न्यूज, भोपाल।


अंतरराष्ट्रीय श्रम संगठन (आईएलओ) के 114वें अंतरराष्ट्रीय श्रम सम्मेलन में भारत का प्रतिनिधित्व कर स्विट्जरलैंड के जिनेवा से लौटे नेशनल फ्रंट ऑफ इंडियन ट्रेड यूनियंस (निफ्टू) के राष्ट्रीय महासचिव एवं एलएनसीटी विश्वविद्यालय, भोपाल के उपकुलसचिव डॉ. विराट जायसवाल से गुरुवार को ऐबू–निफ्टू के पदाधिकारियों ने भेंट कर उन्हें बधाई दीं और सम्मेलन के विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की।
डॉ. विराट जायसवाल ने बताया कि 1 जून से 13 जून तक जिनेवा स्थित संयुक्त राष्ट्र कार्यालय (पैलेस दे नेशंस) में आयोजित 114वें अंतर्राष्ट्रीय श्रम सम्मेलन में 187 सदस्य देशों के सरकार, नियोक्ता एवं श्रमिक प्रतिनिधियों ने भाग लिया। भारत की ओर से 5 श्रमिक प्रतिनिधि, 5 नियोक्ता प्रतिनिधि तथा 5 सरकारी प्रतिनिधि सम्मेलन में शामिल हुए। सम्मेलन में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (ए आई), गिग एवं प्लेटफॉर्म अर्थव्यवस्था, सामाजिक सुरक्षा, सामाजिक संवाद, श्रमिक अधिकार, लैंगिक समानता तथा भविष्य की कार्य व्यवस्था जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर व्यापक विचार-विमर्श हुआ। उन्होंने बताया कि भारतीय श्रमिक प्रतिनिधिमंडल की ओर से उन्होंने मानव-केंद्रित कृत्रिम बुद्धिमत्ता, श्रमिक कल्याण, सामाजिक सुरक्षा एवं सम्मानजनक रोजगार के अवसरों जैसे विषयों को प्रमुखता से रखा तथा भारत के श्रमिक वर्ग से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर अपने विचार अंतर्राष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत किए।


इस अवसर पर ऐबू के महासचिव एवं निफ्टू के प्रदेश अध्यक्ष रामनारायण गिरी, ऐबू के अध्यक्ष सतेंद्र कुमार, कोषाध्यक्ष एवं निफ्टू के राष्ट्रीय सचिव विशाल वाणी, कार्यवाहक अध्यक्ष एवं निफ्टू के प्रदेश उपाध्यक्ष व मीडिया प्रभारी आशीष सोनी, वरिष्ठ उपाध्यक्ष  रोहित कुमार एवं विजेंद्र पाटील, सह-कोषाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार गुप्ता, उपाध्यक्ष चेतन साहू, सह-सचिव यशवंत वर्मा तथा कार्यकारिणी सदस्य श्री हृदेश गोयल एवं सचिव श्री रामनिवास पाटीदार सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। बैठक के अंत में सभी पदाधिकारियों ने डॉ. विराट जायसवाल को अन्तर्राष्ट्रीय मंच पर भारत एवं भारतीय श्रमिकों का प्रभावी प्रतिनिधित्व करने के लिए बधाई दी तथा श्रमिक हितों की रक्षा एवं संगठन को और अधिक सशक्त बनाने के लिए निरंतर कार्य करते रहने का संकल्प व्यक्त किया।