भोपाल। स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की सीएसआर इकाई, एसबीआई फाउंडेशन ने ‘एसबीआई प्लेटिनम जुबली आशा स्कॉलरशिप 2025’ की शुरुआत की है। इस वर्ष यह कार्यक्रम पूरे भारत के 23,230 मेधावी और वंचित पृष्ठभूमि से आने वाले विद्यार्थियों को सशक्त बनाएगा और उन्हें देश के भविष्य के नेता व राष्ट्र-निर्माता बनने में सहयोग देगा।

इसके साथ ही, युवा प्रतिभाओं के समर्थन को जारी रखते हुए, एसबीआई ने वित्त वर्ष 2026 के लिए 90 करोड़ रुपए की स्कॉलरशिप देने की प्रतिबद्धता जताई है।
2022 में शुरू हुई एसबीआई आशा स्कॉलरशिप, एसबीआई की युवा भारतीयों के सपनों और आकांक्षाओं को पूरा करने की अटूट प्रतिबद्धता का प्रतीक है। यह स्कॉलरशिप वंचित समुदायों के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा सुलभ बनाकर समूह की समावेशी विकास और दीर्घकालिक राष्ट्र-निर्माण की दृष्टि को मजबूत करती है। यह स्कॉलरशिप कक्षा 9 से लेकर स्नातकोत्तर तक के विद्यार्थियों को कवर करती है। इसके अंतर्गत चयनित पाठ्यक्रम की अवधि तक सालाना 15,000 रुपए से लेकर 20 लाख रुपए तक की वित्तीय सहायता दी जाएगी।

एसबीआई के चेयरमैन चल्ला श्रीनिवासुलु शेट्टी ने कहा कि इस वर्ष जब हम अपना प्लेटिनम जुबली उत्सव मना रहे हैं, हमें गर्व है कि हमने ‘एसबीआई प्लेटिनम जुबली आशा स्कॉलरशिप’ लांच की है। इस पहल से हम 23,230 प्रतिभाशाली लेकिन साधारण पृष्ठभूमि से आने वाले विद्यार्थियों का सहयोग करेंगे, उनके सपनों को पूरा करने में उनकी मदद करेंगे और उन्हें अपनी पूरी क्षमता तक पहुंचने का अवसर देंगे। इन स्कॉलर्स के लिए एक मजबूत ईको सिस्टम बनाकर, हम उन्हें प्रगति के अगुआ बनाने और 2047 तक विकसित भारत के विज़न में सार्थक योगदान देने के लिए सक्षम करना चाहते हैं।