बीपीएल परिवारों की 50 महिलाओं को सिलाई मशीनें वितरित


 एवीएस न्यूज. भोपाल 
 भारतीय स्टेट बैंक भोपाल सर्कल ने सीएसआर  के तहत रायपुर में स्वास्थ्य सेवा और महिला सशक्तिकरण से जुड़ी दो पहल कीं। बैंक की ओर से पंडित जवाहरलाल नेहरू मेमोरियल मेडिकल कॉलेज, रायपुर को 33.16 लाख रुपए की एडवांस्ड लाइफ़ केयर एम्बुलेंसप्रदान की गई।

वहीं, जरूरतमंद एवं बीपीएल परिवारों की 50 महिलाओं को स्वरोजगार के उद्देश्य से सिलाई मशीनें वितरित की गईं। कार्यक्रम में एसबीआई के अध्यक्ष सी.एस. सेट्टी उपस्थित रहे। बैंक के प्रबंध निदेशक अश्विनी तिवारी, राणा आशुतोष कुमार सिंह, राम मोहन राव अमरा और रवि रंजन भी मौजूद रहे।

 


मेडिकल कॉलेज को अत्याधुनिक एम्बुलेंस
सीएसआर के तहत दी गई एडवांस्ड लाइफ़ केयर एम्बुलेंस जीवन रक्षक चिकित्सा सुविधाओं से सुसज्जित है। इसका उपयोग आपात स्थिति में गंभीर मरीजों को समय पर चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने और अस्पताल तक सुरक्षित पहुंचाने में किया जाएगा।

एम्बुलेंस को पंडित जेएनएम  मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ. विवेक चौधरी ने प्राप्त किया। इस अवसर पर एसबीआई  भोपाल सर्कल के मुख्य महाप्रबंधक प्रभाष कुमार सुबुद्धि, सीएमसी के सदस्य और बैंक के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

 


50 महिलाओं को सिलाई मशीनें
दूसरी सीएसआर पहल के तहत बीपीएल लाभार्थियों के लिए 50 सिलाई मशीनों का वितरण किया गया। लाभार्थियों का चयन परियोजना अधिकारी, एकीकृत बाल विकास परियोजना, अभनपुर द्वारा किया गया था। इस पहल का उद्देश्य महिलाओं को स्वरोजगार का साधन उपलब्ध कराकर उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने में सहयोग देना है। एसबीआई लेडीज क्लब  (कॉर्पोरेट सेंटर) की सूर्या श्रीदेवी, विजया अमरा और अमृता सिन्हा सहित वरिष्ठ सदस्याओं ने लाभार्थियों को सिलाई मशीनें प्रदान कीं।

कार्यक्रम में भोपाल मंडल की लेडीज क्लब अध्यक्षा श्रीमती श्रद्धांजलि सुबुद्धि सहित बैंक के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। एसबीआई  की इन दोनों सीएसआर  पहलों के माध्यम से रायपुर में आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं को सहयोग देने के साथ जरूरतमंद महिलाओं को स्वरोजगार का अवसर उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया।