बीएचईएल को मिला हिमाचल प्रदेश के सुन्नी डैम हाइड्रो इलेक्ट्रिक प्रोजेक्ट का बड़ा ऑर्डर
एसजेवीएन के अधिकारियों की मौजूदगी में पूरे किए सभी मापदंड; उत्कृष्टता केंद्र ने रचा 74वां कीर्तिमान
इस परियोजना में 73 मेगावाट के पांच तथा 17 मेगावाट का एक टरबाइन-जनरेटर सेट शामिल
एवीएस न्यूज, भोपाल।
एचईएल ने प्रतिस्पर्धी बोली के माध्यम से एसजेवीएन लिमिटेड के सुन्नी डैम हाइड्रो इलेक्ट्रिक प्रोजेक्ट के लिए प्रतिष्ठित ऑर्डर प्राप्त किया है । सुन्नी डैम जलविद्युत परियोजना हिमाचल प्रदेश राज्य के शिमला तथा मंडी जिलों में स्थित है । इस परियोजना में 73 मेगावाट के पाँच तथा 17 मेगावाट का एक टरबाइन-जनरेटर सेट शामिल है जो की 57.85 मीटर डिज़ाइन नेट हेड के हैं । टरबाइन को उत्कृष्टता केंद्र – जल संयंत्र बीएचईएल, भोपाल द्वारा डिजाइन और विकसित किया गया है ।
एक सादे कार्यक्रम में जे चटर्जी, महाप्रबंधक (हाइड्रो) ने ग्राहक को ‘मॉडल परीक्षण परिणाम’ की एक प्रति सौंपते हुए मॉडल परीक्षण के दौरान एसजेवीएन अधिकारियों को उनके सहयोग और समर्थन के लिए धन्यवाद दिया । उन्होंने परियोजना सामग्री की समय पर आपूर्ति का आश्वासन देते हुये एसजेवीएन से परियोजना गतिविधियों के लिए शीघ्र अनुमोदन की आशा व्यक्त की । उन्होंने इस परीक्षण को सफलतापूर्वक पूरा करने के लिए उत्कृष्टता केंद्र जल संयंत्र की समर्पित टीम को बधाई दी ।
टर्बाइन मॉडल का परीक्षण सफलतापूर्वक किया
एसजेवीएन लिमिटेड के ग्राहक प्रतिनिधियों की उपस्थिति में 29 जून से 03 जुलाई 2026 तक बीएचईएल भोपाल में टर्बाइन मॉडल का परीक्षण सफलतापूर्वक किया गया । परीक्षण से टरबाइन की दक्षता, आउटपुट और अन्य गारंटी मापदंडों को पूरा किया गया । एसजेवीएन के शीर्ष अधिकारियों ने साक्षी परीक्षण में भाग लिया । एसजेवीएन ने निर्धारित कार्यक्रम से पूर्व ही मॉडल परीक्षण सफलतापूर्वक पूरा करने के लिए बीएचईएल को बधाई दी और विशेष रूप से परीक्षण पद्धति को विस्तार से समझाने के लिए बीएचईएल इंजीनियरों को धन्यवाद दिया । कार्यक्रम में उत्कृष्टता केंद्र-जल संयंत्र एवं अन्य विभागों के सभी वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे । इसके साथ अब तक उत्कृष्टता केंद्र - जल संयंत्र ने 74 संविदात्मक मॉडल परीक्षणों को सफलतापूर्वक पूरा कर लिया है ।






