नई दिल्ली। सिम्बायोसिस लॉ एडमिशन टेस्ट (एसएलएटी ) 2026 के लिए रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। यह एग्जाम उन स्टूडेंट्स के लिए है जो लॉ एजुकेशन में भविष्य बनाना चाहते हैं। एसएलएटी एग्जाम की तारीख 20 दिसंबर 2025 (शनिवार) और 28 दिसंबर 2025 (रविवार) तय की गई हैं। एसएलएटी एग्जाम का आयोजन सिम्बायोसिस इंटरनेशनल (डीम्ड यूनिवर्सिटी) द्वारा किया जाता है। यह एग्जाम पुणे, नोएडा, हैदराबाद और नागपुर में स्थित सिम्बायोसिस लॉ स्कूलों में अंडरग्रेजुएट लॉ कोर्सेस में एडिमशन के लिए ज़रूरी है।
एसएलएटी 2026 एग्जाम देश भर के 68 शहरों में आयोजित किया जाएगा और इसे लॉ एजुकेशन के लिए स्टूडेंट्स की योग्यता का मूल्यांकन करने के लिए डिज़ाइन किया गया है। ये एग्जाम कंप्यूटर-आधारित टेस्ट   होता है, जिसमें  60 मिनट में कुल 60 प्रश्नों के उत्तर देने होते हैं। यह परीक्षा हर साल केवल दिसंबर महीने में आयोजित की जाती है। इसमें लॉजिकल रीजनिंग, लीगल रीजनिंग, एनालिटिकल रीजनिंग, रीडिंग कॉम्प्रिहेंशन, और जनरल नॉलेज जैसे विषयों में हर एक से कुल 12 प्रश्न पूछे जाते हैं। इस एग्जाम में नेगेटिव मार्किंग नहीं होती है, जो इसे अन्य लॉ एंट्रेंस एग्जाम्स से अलग बनाता है। एसएलएटी 2026 रजिस्ट्रेशन और पेमेंट प्रक्रिया 30 नवंबर, 2025 (रविवार) को बंद हो जाएगी।
इसके अलावा, एसएलएटी 01 के लिए एडमिट कार्ड 11 दिसंबर, 2025 (गुरुवार) को और एसएलएटी 02 के लिए 18 दिसंबर, 2025 (गुरुवार) को जारी किए जाएंगे। प्रत्येक उम्मीदवार के एडमिट कार्ड पर एग्जाम टाइमिंग लिखी होगी, जिसे उम्मीदवार ऑफिशियल रजिस्ट्रेशन पोर्टल से डाउनलोड कर सकते हैं। इस एग्जाम का रिजल्ट 15 जनवरी, 2026 (गुरुवार) को जारी किया जाएगा। SLAT के ज़रिए B.A. LL.B. (ऑनर्स), B.B.A. LL.B. (ऑनर्स), B.A. LL.B., B.B.A. LL.B और B.Com LL.B. (ऑनर्स) में एडमिशन लिया जा सकता है। B.Com LL.B. (ऑनर्स) कोर्स SLS पुणे में नया शुरू हुआ है।
पात्रता मानदंड:
आवेदकों को किसी भी मान्यता प्राप्त बोर्ड से बारहवीं कक्षा (10+2) या समकक्ष परीक्षा न्यूनतम 45% अंकों या समकक्ष ग्रेड के साथ उत्तीर्ण होना चाहिए। अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के छात्रों के लिए न्यूनतम 40% अंक आवश्यक हैं।

रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया:
SLAT 2026 रजिस्ट्रेशन के लिए उम्मीदवारों को ऑफिशियल पोर्टल https://www.slat-test.org/ पर जाना होगा और अपनी व्यक्तिगत और शैक्षणिक जानकारी भरनी होगी, अपने रजिस्टर्ड ईमेल या मोबाइल नंबर पर भेजे गए OTP को दर्ज करना होगा और रजिस्ट्रेशन फीस देनी होगी, जो प्रति एग्जाम 2250 रुपये है, साथ ही कॉलेज चयन के लिए प्रति कार्यक्रम 1000 रुपये की अतिरिक्त फीस भी देना होगी।
इस रजिस्ट्रेशन के पूरे होने के बाद उम्मीदवारों को ईमेल और एसएमएस के माध्यम से उनकी SLAT आईडी और पासवर्ड प्राप्त होगा। किसी भी अन्य जानकारी के लिए उम्मीदवार अपनी SLAT आईडी से लॉग इन कर सकते हैं और प्रश्न पूछ सकते हैं। पूरी प्रक्रिया के दौरान एक वैध ईमेल और मोबाइल नंबर बनाए रखना और यह सुनिश्चित करना महत्वपूर्ण है कि प्रदान की गई सभी जानकारी उम्मीदवार के क्रेडेंशियल्स से सटीक रूप से मेल खाती है। गलत जानकारी देने पर सिम्बायोसिस इंटरनेशनल यूनिवर्सिटी (SIU) किसी भी उम्मीदवारी को रद्द कर सकती है।