एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस ने एयू स्मॉल फाइनेंस बैंक से मिलाया हाथ
नई दिल्ली। एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस ने एयू स्मॉल फाइनेंस बैंक के साथ एक रणनीतिक कॉर्पोरेट एजेंसी साझेदारी की है। इस सहयोग का उद्देश्य देशभर में व्यापक बीमा समाधान की पहुंच बढ़ाना है, ताकि सरकार के ‘2047 तक सभी के लिए बीमा’ मिशन के तहत वित्तीय सुरक्षा को भारत के अविकसित और उभरते बाजारों तक पहुँचाया जा सके।
एयू स्मॉल फाइनेंस बैंक के हैड ऑफ बैंक इंश्योरेंस एंड क्रॉस-सेल्स दिलीप के. विद्यार्थी और एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस के रीजनल डायरेक्टर मुंबई मेट्रो, अश्विनी कुमार ने हस्ताक्षर किए। इस अवसर पर एसबीआई लाइफ के ईवीपी और चीफ ऑफ इंस्टीट्यूशनल एलायंसेज गिरीश थैम्पी समेत दोनों संस्थानों के कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। इस साझेदारी के तहत एयू स्मॉल फाइनेंस बैंक 21 राज्यों और 4 केंद्र शासित प्रदेशों में फैले अपने 2,505 से अधिक बैंकिंग टचप्वाइंट्स के नेटवर्क के माध्यम से एसबीआई लाइफ के संपूर्ण जीवन बीमा उत्पाद पोर्टफोलियो, प्रोटेक्शन, सेविंग्स और इन्वेस्टमेंट्स, चाइल्ड, मनी बैक, रिटायरमेंट आदि का वितरण करेगा।

