एवीएस न्यूज. नई दिल्ली
 नागरिक उड्डयन मंत्री  राममोहन नायडू किंजरापु ने असम के गुवाहाटी में 'एमेजॉन एयर'  की पहली उड़ान का उद्घाटन किया। इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट, नई दिल्ली से गुवाहाटी के लिए एमेजॉन की पहली एयर फ्लाईट का उद्घाटन अवसर पर  राममोहन नायडू किंजरापु सहित अभिनव सिंह, वाईस प्रेसिडेंट, ऑपरेशंस, भारत और ऑस्ट्रेलिया, एमेजॉन और चेतन कृष्णास्वामी, वीपी, पब्लिक पॉलिसी, एमेजॉन इंडिया भी मौजूद थे।

यह सेवा एमेज़ॉन के इंटीग्रेटेड एयर एवं सरफेस ट्रांसपोर्टेशन नेटवर्क द्वारा सैवन सिस्टर्स- अरुणाचल प्रदेश, असम, मणिपुर, मेघालय, मिजोरम, नागालैंड और त्रिपुरा में डिलीवरी पहुंचाने में मदद करेगी। एमेज़ॉन के खुद के एयर कार्गो नेटवर्क और मल्टीमॉडल लॉजिस्टिक्स इंफ्रास्ट्रक्चर की मदद से ट्रांजिट टाईम में काफी कमी आएगी तथा डिलीवरी की स्पीड पांच गुना तक बढ़ जाएगी।

इस सेवा की मदद से क्षेत्र के ग्राहकों को एमेजॉन पर उपलब्ध सभी उत्पाद, जैसे रोजमर्रा की जरूरत की चीजों से लेकर स्मार्टफोन, कंज़्यूमर इलेक्ट्रॉनिक्स, फैशन एवं ब्यूटी आदि बहुत तेजी से प्राप्त हो सकेंगे। 
इस मौके पर  राम मोहन नायडू किंजरापु, नागरिक उड्डयन मंत्री ने कहाकि प्रधानमंत्री  नरेंद्र मोदी द्वारा ‘एक्ट ईस्ट, एक्ट फास्ट, एक्ट फर्स्ट’ के लक्ष्य के अंतर्गत उत्तर-पूर्व भारत पर ध्यान केंद्रित करने के साथ उत्तरपूर्व में इन्फ्रास्ट्रक्चर और कनेक्टिविटी का महत्व बहुत बढ़ गया है। आज उत्तर-पूर्व भारत के हर राज्य में अपना एक एयरपोर्ट है।

साल 2014 में यहां 9 एयरपोर्ट संचालित होते थे, जो अब बढ़कर 16 हो गए हैं। हॉर्टिकल्चर और कार्गो एक्सपोर्ट में उत्तर-पूर्व की अपार क्षमता को देखते हुए आज दिल्ली से गुवाहाटी को शुरू हुई यह एमेजॉन एयर सेवा यहां के किसानों, कारीगरों और उद्यमियों को आगे बढ़ने के अवसर प्रदान करेगी। सरकार ने भी देश में एयर कार्गो को बढ़ावा देने के लिए महत्वपूर्ण उपाय किए हैं। साल 2026 के बजट में एयर कार्गो इंफ्रास्ट्रक्चर और वेयरहाउसिंग क्षमता बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया है, ताकि जल्दी खराब होने वाले और ऊँचे मूल्यों वाले उत्पादों के लिए लॉजिस्टिक्स सेवा मजबूत हो सके।

 डॉ. रवि कोटा, आईएएस, चीफ सेक्रेटरी, असम ने कहाकि यह लॉजिस्टिक्स कनेक्टिविटी उत्तरपूर्व भारत में स्थानीय उद्यमियों को मजबूत बनाएगी तथा छोटे व्यवसायों के लिए बाजार का विस्तार करेगी। इससे क्षेत्र में रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। गुवाहाटी में एमेज़ॉन एयर सेवाओं की मदद से क्षेत्र के सैलर्स पूरे देश के ग्राहकों से जुड़ सकेंगे। यह लॉजिस्टिक्स इंफ्रास्ट्रक्चर स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के कई अवसरों का निर्माण भी करेगा। आशा है कि एमेजॉन एयर सेवाओं के शुरू होने से यहाँ पर नौकरियां बढ़ेंगी और क्षेत्र के संपूर्ण आर्थिक विकास में मदद मिलेगी।