औद्योगिक क्षेत्र बन रहा आधुनिक गार्डन कम स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का 90 फीसदी काम पूर्ण
एमपीआईडीसी द्वारा 5 करोड़ की लागत से पेंतीस हजार वर्ग मीटर में तैयार कराया जा रहा गार्डन
नितेश पटेल, मंडीदीप
मध्य प्रदेश औद्योगिक विकास निगम (एमपीआईडीसी) द्वारा मंडीदीप के औद्योगिक क्षेत्र में एक आधुनिक और भव्य गार्डन कम स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का निर्माण कराया जा रहा है। लगभग 35 हजार वर्ग मीटर के विशाल क्षेत्र में बन रहे इस प्रोजेक्ट की अनुमानित लागत 5 करोड़ रुपए है। यह कॉम्प्लेक्स न केवल स्थानीय निवासियों के लिए, बल्कि औद्योगिक क्षेत्र के कारखानों में काम करने वाले श्रमिक एवं उनके परिवारजनों के लिए भी एक आदर्श मनोरंजन और खेल का केंद्र साबित होगा।

हाईवे किनारे अनंत कंपनी के सामने हो रहा निर्माण -
औद्योगिक क्षेत्र मे यह गार्डन कम स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स हाईवे किनारे, अनंत कंपनी के सामने बनाया जा रहा है। एमपीआईडीसी के अधिकारियों के अनुसार, 6 माह पहले शुरू हुए इस प्रोजेक्ट को फरवरी 2026 तक पूरा कर लिया जाएगा है। यह कॉम्प्लेक्स शहर के लिए एक अनूठा और आकर्षक स्थल होगा, जहां लोग खेल, मनोरंजन और प्रकृति का आनंद एक साथ ले सकेंगे।
खेल सुविधाओं का केंद्र -
इस स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में विभिन्न खेलों के लिए आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। यहां वॉलीबॉल कोर्ट, बैडमिंटन कोर्ट और क्रिकेट नेट्स जैसे खेलों की सुविधा होगी, जो युवाओं और खेल प्रेमियों के लिए विशेष रूप से आकर्षक होंगे। इसके अलावा, अन्य आउटडोर और इनडोर खेलों के लिए भी व्यवस्था की जाएगी, जिससे यह कॉम्प्लेक्स सभी आयु वर्ग के लोगों के लिए उपयोगी होगा।
प्रकृति और सौंदर्य का संगम खेल सुविधाओं के साथ-साथ -
इस प्रोजेक्ट में स्पोर्ट्स कांप्लेक्स के साथ-साथ एक खूबसूरत गार्डन का निर्माण भी किया जा रहा है। गार्डन में हरे भरे पौधों के बीच मॉर्निंग वॉकर्स के लिए विशेष रूप से पाथवे बनाए गए हैं, जो सुबह की सैर को और भी सुखद बनाएंगे। इसके अलावा, विजिटर्स के लिए सिटिंग चेयर्स की व्यवस्था की जाएगी, ताकि लोग यहां बैठकर प्रकृति का आनंद ले सकें। गार्डन की खूबसूरती को बढ़ाने के लिए छोटे-छोटे वॉटरफॉल और फाउंटेन भी लगाए जाएंगे, जो इस स्थान को और भी आकर्षक बनाएंगे।
समय पर प्रोजेक्ट पूरा करने का प्रयास
एमपीआईडीसी के अधिकारी दिनेश चौधरी बताते हैं कि इस प्रोजेक्ट को समय पर पूरा करने के लिए सभी प्रयास किए जा रहे हैं। लगभग 90 फीसदी काम पूरा हो चुका है और फरवरी तक इसे जनता के लिए खोल दिए जाने की उम्मीद है। वहीं विभाग के कार्यपालन यंत्री भावेश अग्रवाल बताते हैं कि यह प्रोजेक्ट मंडीदीप के लिए एक मील का पत्थर साबित होगा, जो शहर को एक नई पहचान देगा।
35 हजार वर्ग मीटर में बन रहा गार्डन कम स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स
मंडीदीप में करीब 5 करोड़ रु की लागत से 35 हजार वर्ग मीटर में बन रहा गार्डन कम स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स न केवल खेल और मनोरंजन के लिए एक आदर्श स्थान होगा, बल्कि यह शहर के सौंदर्य और सामुदायिक जीवन को भी समृद्ध करेगा।
विशाल चौहान, ई डी, एमपीआईडीसी

