उद्योगों को फायर एनओसी में राहत और निर्यात सब्सिडी बढ़ाने पर चर्चा
एमएसएमई मंत्री से मिला फेडरेशन का प्रतिनिधिमंडल
एवीएस न्यूज, भोपाल
प्रदेश के उद्योगों के विकास और व्यापारिक सुविधाओं को बढ़ावा देने के उद्देश्य से फेडरेशन ऑफ मध्यप्रदेश चेम्बर्स ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के नवनिर्वाचित प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को मध्यप्रदेश के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई) मंत्री चेतन्य काश्यप से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने उद्योगों से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा करते हुए आवश्यक कदम उठाने का आग्रह किया।
फेडरेशन के अध्यक्ष हिमांशु खरे के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने उद्योगों को फायर एनओसी से राहत देने, निर्यातोन्मुखी ट्रांसपोर्ट सब्सिडी को प्रभावी बनाने और प्रदेश के निर्यातकों को अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुंच उपलब्ध कराने जैसे विषयों पर मंत्री के समक्ष सुझाव रखे।

- फायर एनओसी प्रक्रिया को सरल बनाने का आश्वासन
फायर एनओसी के मुद्दे पर चर्चा के दौरान मंत्री चेतन्य काश्यप ने आश्वासन दिया कि फायर एक्ट पारित होने के बाद फैक्ट्री लाइसेंस के अंतर्गत आने वाले उद्योगों को आवश्यक राहत दी जाएगी। वहीं, जो उद्योग इस दायरे में शामिल नहीं हो पाएंगे, उनके लिए फायर एनओसी की प्रक्रिया को सरल बनाने पर भी विचार किया जाएगा।
-निर्यातकों को ट्रांसपोर्ट सब्सिडी का लाभ लेने की अपील
निर्यातोन्मुखी ट्रांसपोर्ट सब्सिडी योजना पर मंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार उद्योगों को समयबद्ध और प्रभावी तरीके से सहायता उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि यह योजना निर्यातकों की मांग पर शुरू की गई थी, ताकि परिवहन लागत कम हो सके और प्रदेश के उद्योग वैश्विक बाजार में अधिक प्रतिस्पर्धी बन सकें। उन्होंने कहा कि वर्तमान में इस योजना का अपेक्षित स्तर पर उपयोग नहीं हो रहा है। इसके लिए फेडरेशन से योजना के अधिक प्रचार-प्रसार में सहयोग करने का आग्रह किया गया। साथ ही उन्होंने अधिक से अधिक निर्यातकों और उद्योगों से योजना का लाभ उठाने की अपील की।
- अंतरराष्ट्रीय ट्रेड फेयर में भागीदारी का प्रस्ताव
फेडरेशन ने सुझाव दिया कि प्रदेश के निर्यातकों को उनकी आवश्यकता और पसंद के अनुसार प्रतिवर्ष दो अंतरराष्ट्रीय ट्रेड फेयर में भाग लेने का अवसर दिया जाए और इस पर होने वाले खर्च की प्रतिपूर्ति शासन द्वारा की जाए। इस प्रस्ताव पर मंत्री श्री काश्यप ने सकारात्मक विचार करने का आश्वासन दिया।
बैठक में फेडरेशन के अध्यक्ष हिमांशु खरे के साथ संयुक्त अध्यक्ष वीरेंद्र कुमार पोरवाल, डॉ. आरएस गोस्वामी, अशोक आनंद, विजय गौर, मदनलाल गुर्जर, प्रवीण आचार्य, डॉ. सुरेंद्र सिंह एवं राजेश हिरवे सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे। फेडरेशन ने उम्मीद जताई कि सरकार और उद्योग जगत के बीच बेहतर समन्वय से प्रदेश में औद्योगिक विकास, निर्यात वृद्धि और रोजगार के नए अवसरों को गति मिलेगी।






