त्योहारों पर अमेजन ने दिए 1.60 लाख से अधिक सीजनल रोजगार के अवसर
एवीएस न्यूज .भोपाल
आगामी त्योहारी सीजन में बढऩे वाली ऑनलाइन खरीदारी को देखते हुए अमेजन इंडिया ने देशभर में अपने ऑपरेशंस नेटवर्क के लिए 1.60 लाख से अधिक सीजनल रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए हैं। इनमें प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष दोनों तरह के काम शामिल हैं।
ये अवसर देश के 400 से अधिक शहरों में उपलब्ध कराए गए हैं, जिनमें महानगरों के साथ-साथ वाराणसी, कोच्चि, जालंधर, गाजियाबाद, रांची, सलेम और गोरखपुर जैसे टियर-2 और टियर-3 शहर भी शामिल हैं।
कंपनी के मुताबिक, नए सीजनल एसोसिएट्स अमेजऩ के मौजूदा ऑपरेशंस नेटवर्क का हिस्सा बनेंगे और ग्राहकों के ऑर्डर को सुरक्षित एवं भरोसेमंद तरीके से प्राप्त करने, पैक करने, शिप करने और डिलीवर करने में सहयोग करेंगे। इससे त्योहारी सीजन में बढऩे वाली ग्राहकों की मांग को समय पर पूरा करने में मदद मिलेगी।
हजारों महिलाओं और दिव्यांगों को भी मिला अवसर
अमेजन ने अपने ऑपरेशंस नेटवर्क में हजारों महिलाओं और दिव्यांग एसोसिएट्स को भी रोजगार के अवसर दिए हैं। कंपनी का कहना है कि त्योहारी मांग को पूरा करने के साथ-साथ वह एक सुरक्षित, समावेशी और विविधतापूर्ण वर्कफोर्स तैयार करने पर भी ध्यान दे रही है।
त्योहारी सीजन की तैयारियों के तहत कंपनी ने बड़ी संख्या में एसोसिएट्स को पहले ही ऑनबोर्ड कर लिया है और उन्हें आवश्यक प्रशिक्षण दिया जा रहा है। ये कर्मचारी फुलफिलमेंट सेंटर, लॉजिस्टिक्स और डिलीवरी नेटवर्क के संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
अमेजन के वाइस प्रेसिडेंट, ऑपरेशंस, एपीएसी, मिडिल ईस्ट, अफ्रीका एवं तुर्किए अभिनव सिंह ने कहा कि कंपनी का लक्ष्य इस त्योहारी सीजन में देश के हर पिनकोड तक तेज और भरोसेमंद डिलीवरी पहुंचाना है। ग्राहकों की बढ़ती मांग को पूरा करने के लिए ऑपरेशंस नेटवर्क में 1.6 लाख से अधिक सीजनल काम के अवसर उपलब्ध कराए गए हैं।


